उत्तर कोरिया के साथ जल्द से जल्द क्यों शांति समझौता चाहता है दक्षिण कोरिया? 73 साल पहले हुआ था सीजफायर

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्यॉन्ग ने उत्तर कोरिया के साथ तनाव कम करने और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व की दिशा में बढ़ने का आह्वान किया है. यह अपील कोरिया की स्वतंत्रता की वर्षगांठ के मौके पर की गई थी. जानिए इस कदम के पीछे क्या है और दोनों देशों के रिश्ते का इतिहास.

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्यॉन्ग ने शनिवार को उत्तर कोरिया के साथ तनाव कम करने और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व की दिशा में आगे बढ़ने के लिए बातचीत का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच टकराव रोकने के लिए सुरक्षा उपायों को मजबूत करना जरूरी है और कोरियाई प्रायद्वीप में दशकों पुराने युद्धविराम की जगह एक स्थायी 'शांति व्यवस्था' स्थापित करने की जरूरत है. राष्ट्रपति ली ने यह अपील जापानी औपनिवेशिक शासन से कोरिया की मुक्ति की वर्षगांठ के मौके पर दिए अपने भाषण में की. उन्होंने कहा कि दक्षिण और उत्तर कोरिया को एक-दूसरे के साथ बैठकर शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व का रास्ता तलाशना चाहिए.

उत्तर और दक्षिण कोरिया तकनीकी रूप से आज भी युद्ध की स्थिति में हैं. इसकी वजह यह है कि 1950 से 1953 के बीच चला कोरियाई युद्ध शांति समझौते के साथ खत्म नहीं हुआ था, बल्कि युद्धविराम के जरिए संघर्ष को रोका गया था. यह युद्ध उत्तर कोरिया के हमले के बाद शुरू हुआ था.  संयुक्त कोरिया को 1945 में 15 अगस्त के दिन जापान से आजादी मिली थी. लेकिन आजादी के कुछ सालों बाद ही यह छोटा सा देश कोल्ड वॉर की भेंट चढ़ गया और 1948 में उत्तर और दक्षिण में बंट गया और फिर कुछ सालों बाद युद्ध में भी उलझ गया. उत्तर कोरिया में रूस का प्रभाव रहा, जबकि दक्षिण कोरिया में अमेरिकी विचार ने जगह बनाई.  लेकिन इससे भी बड़ा सवाल है कि क्या ट्रंप 2.0 में क्या दक्षिण कोरिया सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है?

1950-53 के युद्ध को औपचारिक शांति समझौते में बदलने की कोशिश

ली जे म्यॉन्ग ने कहा कि उत्तर कोरिया और संबंधित पक्षों के बीच बातचीत शुरू होनी चाहिए, ताकि 1950 से 1953 तक चले कोरियाई युद्ध को औपचारिक रूप से समाप्त करने का रास्ता निकाला जा सके. यह युद्ध किसी शांति संधि के जरिए खत्म नहीं हुआ था, बल्कि युद्धविराम के साथ लड़ाई रुकी थी. ऐसे में दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति का जोर इस बात पर है कि अब युद्धविराम की मौजूदा व्यवस्था से आगे बढ़कर स्थायी शांति का ढांचा तैयार किया जाए. उन्होंने यह भी कहा कि बातचीत के दौरान उत्तर कोरिया की परमाणु क्षमताओं को सीमित करने के प्रभावी उपायों पर भी चर्चा की जा सकती है.

तनाव कम करने के लिए पहले से कदम उठाएगा सियोल

दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ने कहा कि सियोल तनाव कम करने के लिए पहले से ज्यादा कदम उठाएगा. उनका उद्देश्य ऐसे कई स्तरों वाले सुरक्षा उपाय तैयार करना है, जो किसी भी संभावित तनाव को बड़े सैन्य टकराव में बदलने से रोक सकें. ली उत्तर कोरिया के साथ शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व की नीति पर चलने की बात पहले से कहते आए हैं. 

दोनों देश 1971 से अब तक लगभग 700 मीटिंग्स कर चुके हैं. nknews.org की 8 नवंबर 2021 की रिपोर्ट के अनुसार औपचारिक रूप से दोनों ने अब तक अलग-अलग मुद्दों पर आधारित 667 अंतर कोरियाई मीटिंग की हैं. लेकिन अब तक इनका कोई विशेष लाभ नहीं मिला. हां यह जरूर हुआ कि पिछले 73 सालों से दोनों देशों के बीच कोई बड़ा युद्ध नहीं हुआ है. 

आक्रामक बना हुआ है उत्तर कोरिया

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने प्योंगयांग की पुरानी पुनर्मिलन नीति को छोड़ दिया है. उन्होंने दक्षिण कोरिया को 'सबसे शत्रुतापूर्ण राज्य' बताया है और बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं. उत्तर कोरिया ने इसी सप्ताह अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच होने वाले सालाना सैन्य अभ्यासों का विरोध किया है. प्योंगयांग ने चेतावनी दी है कि इन अभ्यासों के जवाब में वह अपनी प्रतिरोधक क्षमता को और मजबूत करने के कदम उठा सकता है.  प्योंगयांग ने दक्षिण कोरिया की परमाणु ऊर्जा से चलने वाली पनडुब्बियां विकसित करने की योजना की आलोचना की है.

राष्ट्रपति ली जे म्यंग रिश्ते सुधारने की भरपूर कोशिश कर रहे

दक्षिण कोरिया में जून 2025 में सत्ता संभालने के बाद राष्ट्रपति ली जे म्यंग ने अपने पूर्ववर्ती की अपेक्षाकृत आक्रामक नीति से अलग रुख अपनाया है. उन्होंने उत्तर कोरिया के सामने बिना किसी पूर्व शर्त के बातचीत की पेशकश की है. जुलाई में दक्षिण कोरिया के एकीकरण मंत्री ने यहां तक कहा था कि सियोल ने उत्तर कोरिया पर परमाणु हथियार खत्म करने के लिए दबाव बनाने वाली नीति को प्राथमिकता देना छोड़ दिया है. इसके बजाय अब उसका ध्यान प्योंगयांग की परमाणु गतिविधियों के और विस्तार को रोकने पर है.

ये भी पढ़ें:- इंडोनेशिया में 7.7 तीव्रता के भूकंप से तबाही, 20 की मौत; कई इमारतें गिरीं

रूस के साथ बढ़ता संबंध बढ़ा रहा साउथ कोरिया की चिंता

हालांकि, उत्तर कोरिया के राष्ट्रपति किम जोंग उन ने दक्षिण कोरिया के प्रेसिडेंट ली की बार-बार की गई बातचीत की पेशकश पर अब तक कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं दी है. इसके उलट प्योंगयांग ने रूस के साथ अपने सैन्य संबंधों को और मजबूत किया है. विश्लेषकों का मानना है कि रूस को सैनिकों और युद्ध सामग्री उपलब्ध कराने के बदले उत्तर कोरिया को मॉस्को से आर्थिक मदद, खाद्य सामग्री, ऊर्जा और सैन्य तकनीक मिल रही है. रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में उत्तर कोरिया की भूमिका को लेकर भी यही आकलन सामने आया है.

उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन के इस साल के अंत में रूस जाने की उम्मीद है. माना जा रहा है कि इस यात्रा के दौरान रूस को आगे हथियारों की आपूर्ति से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है. दक्षिण कोरिया के प्रमुख सुरक्षा सहयोगी अमेरिका ने वहां करीब 28,500 सैनिक तैनात कर रखे हैं. इन सैनिकों की तैनाती का मकसद उत्तर कोरिया से पैदा होने वाले सैन्य खतरे के खिलाफ दक्षिण कोरिया की सुरक्षा को मजबूत करना है.

अमेरिका और दक्षिण कोरिया की संयुक्त सेना के कमांड के प्रवक्ता कर्नल रयान डोनाल्ड ने भी इस सप्ताह उत्तर कोरिया की रूस-यूक्रेन युद्ध में भूमिका से पैदा हुए नए खतरे का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि यूरोप में युद्ध के दौरान उत्तर कोरिया ने जो अनुभव हासिल किए हैं, वे अब कोरियाई प्रायद्वीप के लिए संभावित खतरे को बदल सकते हैं. लेकिन ईरान और यूक्रेन युद्ध में यह दिखा कि भारी भरकम फौज की तैनाती अब किसी देश को हराने के लिए काफी नहीं है. 

दक्षिण कोरिया और अमेरिका के 11 दिन चलने वाले संयुक्त सैन्य अभ्यासों के बारे में पत्रकारों से बात करते हुए डोनाल्ड ने कहा, 'उन्होंने वहां जो सबक सीखे हैं, उन्हें उत्तर कोरिया वापस लेकर आए हैं.' उन्होंने आगे कहा, 'हमारी ट्रेनिंग उस खतरे को ध्यान में रखकर की जाती है.' दक्षिण कोरिया और अमेरिका का यह संयुक्त सैन्य अभ्यास सोमवार से शुरू होने वाला है. 

ईरान युद्ध ने अमेरिका की सीमाएं भी कीं उजागर

राष्ट्रपति ट्रंप ईरान युद्ध के दौरान खाड़ी के अपने मित्र देशों पर हुए हमलों से ज्यादातर का बचाव करने में भले ही सफल रहे, लेकिन ईरान ने भी यह दिखा दिया कि अमेरिका अभेद्ध नहीं है. अमेरिका खुद भले ही टॉप ग्लोबल पावर हो, लेकिन अटलांटिक और प्रशांत महासागर के बीचो-बीच बसे अपने देश की सीमा पार करने के बाद उसकी सैन्य शक्ति शायद उतनी रह जाती, जितनी वह दिखाने की कोशिश करता है. इसके वियतनाम, इराक, अफगानिस्तान जैसे पुराने उदाहरण तो हैं ही, होर्मुज में ईरान ने अमेरिका को रोककर यह एक बार फिर यह साबित किया है. शायद दक्षिण कोरिया इस नए अनुभव से ज्यादा परेशान है.

इसके साथ ही ड्रोन, समुद्री माइंस और अन्य मानव रहित हथियारों से युद्ध के डायनमिक्स बदल गए हैं. इसके साथ ही उत्तर कोरिया पहले से ही परमाणु हथियारों से लैस एक देश है. ऐसे में बदलती दुनिया के शक्तियों में अब कई ध्रुव मिलकर साझा शक्ति बन रहे हैं, जिसका सामना करना जनसंख्या और क्षेत्रफल के लिहाज से छोटे छोटे देशों के बस की बात नहीं होगी. दक्षिण कोरिया शायद इसी सच्चाई को स्वीकार करते हुए बातचीत से रास्ता निकालने के लिए ज्यादा आतुर दिख रहा है.

ये भी पढ़ें:- ट्रंप का दावा: बहुत जल्द होर्मुज को ‘अमेरिकी क्षेत्र’ बनाएंगे, ईरान ने चेताया; कहा- इन 4 तरीकों से कुछ नहीं बदलेगा


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अनन्त नारायण शुक्ल

अनन्त नारायण शुक्ल प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट क्रिएटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब दो वर्षों का अनुभव है. अनन्त राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मामलों, वैश्विक भू-राजनीति (ग्लोबल जियोपॉलिटिक्स), रक्षा नीति, कूटनीति और विश्व राजनीति से जुड़े विषयों पर खबरें करते हैं. वे दुनिया भर में घट रही महत्वपूर्ण घटनाओं को गहरी रिसर्च और तथ्यमात्मक विश्लेषण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का काम करते हैं.

अनन्त मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय संघर्ष, वैश्विक सुरक्षा, रक्षा रणनीतियों, विदेश नीति, भारत के पड़ोसी देशों से जुड़े घटनाक्रम और विश्व स्तर पर भारत की भूमिका जैसे विषयों को कवर करते हैं. इजरायल-ईरान संघर्ष, अमेरिका की विदेश नीति, परमाणु सुरक्षा, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के हालात, नेपाल-चीन सीमा से जुड़े मुद्दे और वैश्विक कूटनीतिक घटनाक्रम पर उनकी विशेष पकड़ है. इसके अलावा वे अंतरराष्ट्रीय आपदाओं, विदेशों में बसे भारतीयों और वैश्विक स्तर पर भारत के बढ़ते प्रभाव से जुड़ी खबरों पर भी नियमित रूप से लिखते हैं.

इतिहास, राजनीति और विज्ञान में उनकी गहरी रुचि रही है, जिसने उन्हें वैश्विक मामलों और अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया. यही वजह है कि उनके लेखों में विषय की गहराई, एक्सपर्ट्स की राय के साथ उनके कमेंट्स, तथ्यों की सटीकता और व्यापक संदर्भ देखने को मिलता है. बदलते वैश्विक परिदृश्य पर उनकी पैनी नजर रहती है, जिससे वे पाठकों तक समय पर विश्वसनीय और विश्लेषणात्मक जानकारी पहुंचाते हैं.

अनन्त को राष्ट्रीय राजनीति की भी समझ है. उन्होंने झारखंड विधान सभा 2024, दिल्ली विधान सभा चुनाव 2025 चुनाव और देश के अन्य चुनावों को कवर किया है. चुनाव के काउंटिंग डे को कवर करने का भी उनके पास काफी अनुभव है.

अनन्त कभी-कभी नेशनल डेस्क भी संभालते हैं, जिसमें देश भर में जनता से जुड़े जरूरी सामाजिक मुद्दे, न्यायिक खबरों और अपराध की खबरों को भी कवर करते हैं. इसके अलावा उन्हें रोचक जानकारियों को क्यूरेट करने का भी शौक है. इसमें लाइफस्टाइल, ऐतिहासिक और पुरातात्विक जानकारी के साथ ही दुनिया भर के साम्राज्यों के बारे में खबरें करते हैं.

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के रहने वाले अनन्त ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की है. उन्होंने 2024 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत प्रभात खबर में खेल पत्रकार के रूप में की थी, जहां उन्होंने करीब एक वर्ष तक क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़ी खबरों को कवर किया. बाद में अपनी रुचि और विशेषज्ञता के चलते उन्होंने अंतरराष्ट्रीय डेस्क का रुख किया और आज वैश्विक राजनीति व भू-राजनीति के प्रमुख विषयों पर लेखन कर रहे हैं.

तथ्यों की पुष्टि और सटीक जानकारी को वे अपनी पत्रकारिता का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हैं. उनका प्रयास रहता है कि पाठकों को विश्व घटनाक्रम की भरोसेमंद, संतुलित और गहन जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध हो, ताकि वे वैश्विक मुद्दों को बेहतर ढंग से समझ सकें.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >