Earthquake Tremors: चीन के मध्य किंघाई प्रांत में बुधवार (19 अगस्त) को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.3 मापी गई. इसका केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर था. USGS के मुताबिक, भूकंप का केंद्र दुनहुआंग शहर से करीब 269 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित एक पहाड़ी और ग्रामीण इलाके में था. कम गहराई पर आए इस भूकंप के कारण आसपास के क्षेत्रों में भी झटके महसूस किए जाने की संभावना है.
चीन ने बताया 5.3 थी भूकंप की तीव्रता
चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने चीन भूकंप नेटवर्क केंद्र (CENC) के हवाले से बताया कि भूकंप की तीव्रता 5.3 दर्ज की गई. National Center for Seismology के मुताबिक, चीन में 19 अगस्त की सुबह 3 बजकर 6 मिनट 26 सेकंड पर 5.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया. भूकंप का केंद्र 37.951 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 95.564 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था. इसकी गहराई जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे के आसपास मापी गई. फिलहाल भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है.
इंडोनेशिया में भूकंप ने मचाई तबाही
बीते दिनों इंडोनेशिया में आए भूकंप ने जमकर तबाही मचाई. जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) और इंडोनेशिया की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी (BNPB) के अनुसार पूर्वी इंडोनेशिया में आए 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से 54 लोगों की मौत हो गई है. भूकंप ने पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत में भारी तबाही मचाई है.
कई मकान और निर्माण क्षतिग्रस्त
भूकंप के कारण बड़ी संख्या में मकान और निर्माण क्षतिग्रस्त हुई हैं. BNPB के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, 157 घर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं. इसके अलावा 41 घरों को मध्यम और 148 घरों को मामूली नुकसान पहुंचा है. भूकंप से महत्वपूर्ण सार्वजनिक बुनियादी ढांचा भी प्रभावित हुआ, इनमें 87 शैक्षणिक संस्थान, 18 स्वास्थ्य केंद्र, छह प्रशासनिक कार्यालय और पांच धार्मिक स्थल शामिल हैं.
Also Read: इंडोनेशिया में भूकंप से भारी तबाही, मरने वालों की संख्या बढ़कर 54 हुई; 900 से अधिक आफ्टरशॉक से दहशत
