16 साल तक की उम्र वाले नहीं चला पाएंगे सोशल मीडिया, इस देश ने बना दिया कानून, कैसे काम करेगी ये पॉलिसी?

Australia Social Media Ban for below 16 years: 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर बैन लगाने वाला ऑस्ट्रेलिया दुनिया का पहला देश बनने जा रहा है. यह कदम Online Safety Amendment (Social Media Minimum Age) Bill 2024 का हिस्सा है, जो 10 दिसंबर 2025 से लागू होगा.

Australia Social Media Ban for below 16 years: सोशल मीडिया जितना अच्छा है, उतना ही घातक. यह लोगों को लोगों से जुड़ने का अवसर तो देता है, लेकिन इसकी आड़ में अपराधी इसका फायदा उठाने लगते हैं. इसका सबसे अधिक शिकार कम आयु के भोले-भाले बच्चे बनते हैं. इन्हीं मासूमों को बचाने के लिए ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने घोषणा की है कि ऑस्ट्रेलिया 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाएगा, ताकि ऑनलाइन उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. एक ऐतिहासिक कदम के तहत, बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर बैन लगाने वाला ऑस्ट्रेलिया दुनिया का पहला देश बनने जा रहा है.

यह कदम Online Safety Amendment (Social Media Minimum Age) Bill 2024 का हिस्सा है, जो 10 दिसंबर 2025 से लागू होगा. इस कानून के तहत 16 वर्ष से कम आयु के किसी भी व्यक्ति को प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अकाउंट बनाने या बनाए रखने की अनुमति नहीं होगी. इस कानून के तहत 16 साल से कम उम्र के नाबालिगों के लिए फेसबुक, इंस्टाग्राम, टिकटॉक, स्नैपचैट, एक्स (पूर्व में ट्विटर), यूट्यूब, रेडिट और किक जैसे प्लेटफॉर्म पर अकाउंट बनाना या बनाए रखना गैरकानूनी होगा.

ऑस्ट्रेलियाई सरकार का कहना है कि इस कानून का उद्देश्य बच्चों को ऑनलाइन खतरों, जैसे साइबर बुलिंग, हानिकारक सामग्री और सोशल मीडिया एल्गोरिदम की लत से बचाना है. प्रधानमंत्री अल्बनीज ने कहा, “यह कानून हमारे बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए है. डिजिटल दुनिया हमारे बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य या विकास की कीमत पर नहीं होनी चाहिए.”

सोशल मीडिया बैन क्या है?

जो भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “एज-रिस्ट्रिक्टेड (उम्र-सीमित)” माने जाएंगे, वे 16 साल से कम उम्र के बच्चों को अकाउंट बनाने की अनुमति नहीं देंगे. माता-पिता भी अपने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सहमति नहीं दे सकेंगे कि वे इन प्लेटफॉर्म्स पर अकाउंट बना सकें. यह कानूनी रूप से बाध्यकारी होगा. हालांकि, सरकार का कहना है कि यह पूर्ण प्रतिबंध नहीं बल्कि एक देरी है यानी बच्चे बड़े होने पर अकाउंट बना सकेंगे. हालांकि ऑस्ट्रेलिया की 9 न्यूज के मुताबिक इस फैसले को लेकर विवाद भी हैं. कुछ का कहना है कि यह नियम बहुत सख्त है और बच्चों के पास इसे दरकिनार करने के तरीके होंगे. हालांकि, YouTube और Reddit जैसे प्लेटफॉर्म्स पर बच्चे 16 वर्ष से कम उम्र में वीडियो देख सकेंगे या थ्रेड्स पढ़ सकेंगे, लेकिन अकाउंट बनाना, कमेंट करना या कंटेंट पोस्ट करना मना होगा.

16 साल से कम बच्चे किन प्लेटफॉर्म्स का उपयोग कर सकेंगे?

सरकार ने स्पष्ट किया है कि कुछ प्लेटफॉर्म्स ऐसे हैं, जिन पर 16 साल से कम उम्र के बच्चे अब भी स्वतंत्र रूप से जा सकेंगे. इनमें शामिल हैं, डिस्कॉर्ड, ट्विच, मैसेंजर, व्हाट्सएप, गिटहब, गूगल क्लासरूम, लेगो प्ले, रोब्लॉक्स, स्टीम, स्टीम चैट, यूट्यूब किड्स. सरकार का कहना है कि यह सूची अंतिम नहीं है और प्रतिबंध लागू होने से पहले इसमें कुछ बदलाव हो सकते हैं.

जिनके पास पहले से अकाउंट हैं, उनका क्या होगा?

यह 10 दिसंबर 2025 से प्रभावी होगा यानी सिर्फ एक महीने बाद. ऐसे में कानून लागू होने के बाद, 16 साल से कम उम्र के बच्चों के मौजूदा अकाउंट्स को हटाना या निष्क्रिय करना होगा. प्लेटफॉर्म्स को यह सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाने होंगे कि यह नियम लागू हो. हालांकि यह तरीका हर प्लेटफॉर्म के लिए अलग हो सकता है. उन्हें eSafety कमिश्नर को यह साबित करना होगा कि उन्होंने यह कदम उचित तरीके से उठाए हैं.

प्लेटफॉर्म्स को इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए हैं. उन्हें 10 दिसंबर से पहले उपयोगकर्ताओं को सूचित करना होगा. भाषा संवेदनशील और सहानुभूतिपूर्ण होनी चाहिए और उन्हें अपील प्रक्रिया के बारे में भी बताना होगा. अगर किसी व्यक्ति का अकाउंट गलती से बंद हो जाता है, जैसे कोई वयस्क फेसबुक मार्केटप्लेस पर चीजें बेचता है, तो सोशल मीडिया कंपनियों को यह बताना होगा कि अपील कैसे की जा सकती है. उपयोगकर्ताओं की उम्र स्व-घोषणा से न पूछी जाए, क्योंकि लोग झूठ बोल सकते हैं या नियमों को दरकिनार कर सकते हैं. यह तय तारीख नहीं दी गई है कि प्लेटफॉर्म्स को उपयोगकर्ताओं को कब तक सूचित करना है, लेकिन उन्हें यह 10 दिसंबर से पहले करना ही होगा.

यह नियम लागू कैसे होगा?

इन नए नियमों को लागू करने की जिम्मेदारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की होगी. अगर वे नियमों का पालन नहीं करते, तो उन्हें कड़े आर्थिक दंड झेलने पड़ सकते हैं, जिनमें 49.5 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (लगभग ₹270 करोड़) तक का जुर्माना शामिल है. प्लेटफॉर्म्स को ऐसे एज रिलेटेड सिग्नल्स का विश्लेषण करने के लिए कहा गया है, जिनसे यह पहचाना जा सके कि कोई अकाउंट बच्चे का है या नहीं. जैसे कि अकाउंट कितने समय से सक्रिय है, वह किस तरह के कंटेंट से जुड़ा है और प्रोफाइल फोटो के आधार पर उम्र का अनुमान.

बच्चों या माता-पिता पर कोई सजा नहीं

दिलचस्प बात यह है कि अगर कोई बच्चा प्रतिबंध लागू होने के बाद भी एज-रिस्ट्रिक्टेड प्लेटफॉर्म का उपयोग करता है, तो उसे या उसके माता-पिता को कोई सजा नहीं दी जाएगी. सरकार का कहना है कि इस कानून का उद्देश्य बच्चों को हानिकारक कंटेंट से बचाना है, सजा देना नहीं. क्योंकि दंडात्मक कार्रवाई बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है.

ये भी पढ़ें:-

रूस को जवाब देने इस यूरोपीय देश में कूदा ब्रिटेन, तैनात की सेना और सैन्य उपकरण, जर्मनी ने भी सहायता की भरी हामी

4 दिन नहीं चलेगी जाफर एक्सप्रेस, पाकिस्तान ने अचानक क्यों रोकी बलूच विद्रोहियों की पसंदीदा ट्रेन?

जिससे लड़ रहा अमेरिका, भारत ने वहां भेजी 2.7 टन लाइफ सेविंग वैक्सीन, रूस के दोस्त के यहां इंडिया का खेल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

अनन्त नारायण शुक्ल प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट क्रिएटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब दो वर्षों का अनुभव है. वर्तमान में उनका मुख्य फोकस राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मामलों, वैश्विक भू-राजनीति (ग्लोबल जियोपॉलिटिक्स), रक्षा नीति, कूटनीति और विश्व राजनीति से जुड़े विषयों पर है. वे दुनिया भर में घट रही महत्वपूर्ण घटनाओं को गहरी रिसर्च और तथ्यात्मक विश्लेषण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का काम करते हैं. अनन्त मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय संघर्ष, वैश्विक सुरक्षा, रक्षा रणनीतियों, विदेश नीति, भारत के पड़ोसी देशों से जुड़े घटनाक्रम और विश्व स्तर पर भारत की भूमिका जैसे विषयों को कवर करते हैं. इजरायल-ईरान संघर्ष, अमेरिका की विदेश नीति, परमाणु सुरक्षा, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के हालात, नेपाल-चीन सीमा से जुड़े मुद्दे और वैश्विक कूटनीतिक घटनाक्रम पर उनकी विशेष पकड़ है. इसके अलावा वे अंतरराष्ट्रीय आपदाओं, विदेशों में बसे भारतीयों और वैश्विक स्तर पर भारत के बढ़ते प्रभाव से जुड़ी खबरों पर भी नियमित रूप से लिखते हैं. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में उनकी गहरी रुचि रही है, जिसने उन्हें वैश्विक मामलों और अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया. यही वजह है कि उनके लेखों में विषय की गहराई, एक्सपर्ट्स की राय के साथ उनके कमेंट्स, तथ्यों की सटीकता और व्यापक संदर्भ देखने को मिलता है. बदलते वैश्विक परिदृश्य पर उनकी पैनी नजर रहती है, जिससे वे पाठकों तक समय पर विश्वसनीय और विश्लेषणात्मक जानकारी पहुंचाते हैं. अनन्त को राष्ट्रीय राजनीति की भी समझ है. उन्होंने दिल्ली विधान सभा चुनाव 2025 और देश के अन्य चुनावों को कवर किया है. चुनाव के काउंटिंग डे को कवर करने का भी उनके पास काफी अनुभव है. इसके साथ ही वह कभी-कभी नेशनल डेस्क भी संभालते हैं, जिसमें देश भर में जनता से जुड़े जरूरी सामाजिक मुद्दे, न्यायिक खबरों और अपराध की खबरों को भी कवर करते हैं. इसके अलावा उन्हें रोचक जानकारियों को क्यूरेट करने का भी शौक है. इसमें लाइफस्टाइल, ऐतिहासिक और पुरातात्विक जानकारी के साथ ही दुनिया भर के साम्राज्यों के बारे में खबरें करते हैं. उत्तर प्रदेश की कालीन नगरी- भदोही जिले के रहने वाले अनन्त ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की है. उन्होंने 2024 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत प्रभात खबर में खेल पत्रकार के रूप में की थी, जहां उन्होंने करीब एक वर्ष तक क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़ी खबरों को कवर किया. बाद में अपनी रुचि और विशेषज्ञता के चलते उन्होंने अंतरराष्ट्रीय डेस्क का रुख किया और आज वैश्विक राजनीति व भू-राजनीति के प्रमुख विषयों पर लेखन कर रहे हैं. तथ्यों की पुष्टि और सटीक जानकारी को वे अपनी पत्रकारिता का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हैं. उनका प्रयास रहता है कि पाठकों को विश्व घटनाक्रम की भरोसेमंद, संतुलित और गहन जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध हो, ताकि वे वैश्विक मुद्दों को बेहतर ढंग से समझ सकें.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >