पानागढ़ रेलवे स्टेशन में लगाये जा रहे सीसीटीवी कैमरे
पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल (Asansol Division) के पानागढ़ स्टेशन के विभिन्न प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर, फुट ओवरब्रिज तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये जा रहे हैं. बुधवार को पानागढ़ के एक, दो, तीन व चार नंबर प्लेटफॉर्म पर सीसीटीवी लगानेवाली कंपनी के कर्मचारियों को वायरिंग करते हुए देखा गया. इन कर्मचारियों ने बताया कि वे लोग कालना से आये हैं. दिल्ली की किसी कंपनी को सीसीटीवी कैमरे लगाने का ठेका मिला है. इन कर्मचारियों ने आगे बताया कि पानागढ़ स्टेशन के विभिन्न प्लेटफार्म पर करीब चार सीसीटीवी कैमरे लगेंगे. साथ ही रेलवे टिकट व आरक्षण काउंटर के पास एवं फुट ओवरब्रिज पर भी ऐसे कैमरे लगाये जा रहे हैं. इसके अलावा स्टेशन परिसर के अन्य संवेदनशील स्थलों पर भी सीसीटीवी कैमरे लगेंगे.