संवाददाता, बशीरहाट उत्तर 24 परगना के संदेशखाली में रविवार को फिर तनाव फैल गया. एक तृणमूल कर्मी को टीएमसी विधायक सुकुमार महतो और पार्टी नेता दिलीप मल्लिक के सामने ही घर से निकाल कर मारने-पीटने का आरोप भाजपा समर्थित महिला कार्यकर्ताओं पर लगा है. पीड़ित तृणमूल कार्यकर्ता का नाम तातान गायन है. कथित तौर पर भाजपा समर्थित महिलाओं ने उसे जमीन पर गिराकर लाठी-डंडे से पीटा. उसके कपड़े तक फाड़ दिये गये. विधायक द्वारा विरोध करने पर उनका मुंह दबाकर उन्हें भी धमकी दी गयी. सारी घटना थाने से कुछ ही दूरी पर हुई. खबर पाकर मौके पर पुलिस पहुंची. जानकारी के मुताबिक, रविवार को संदेशखाली थाने के समक्ष भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कथित तौर पर छिनतई के झूठे मामले दर्ज कर गिरफ्तार कार्यकर्ता की रिहाई की मांग की. साथ ही उन्होंने कथित तौर पर फर्जी वीडियो जारी कर स्थानीय भाजपा नेताओं की छवि खराब करने के आरोपी तृणमूल नेताओं की गिरफ्तारी की मांग की. बशीरहाट से भाजपा उम्मीदवार रेखा पात्रा के नेतृत्व में संदेशखाली थाने के सामने समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया. हाल ही में पुलिस ने जेलियाखाली इलाके में छिनताई के आरोप में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया. भाजपा का दावा है कि उनके कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज कर उन्हें चुन-चुनकर गिरफ्तार किया जा रहा है. प्रदर्शन के दौरान सूचना मिली कि संदेशखाली के विधायक सुकुमार महतो स्थानीय तृणमूल नेता दिलीप मल्लिक के घर पर ही हैं. इसके बाद अचानक कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने दिलीप मल्लिक के घर पर धावा बोल दिया. दिलीप मल्लिक को भी पीटने का आरोप लगा है. कई प्रदर्शनकारी महिलाओं ने दिलीप मल्लिक पर आरोप लगाया कि तृणमूल नेता ही साजिश रच कर फर्जी वीडियो बना कर वायरल कर रहे हैं. पैसे के बदले में तृणमूल ऐसा कर रही है. भाजपा के स्थानीय नेताओं की छवि खराब करने के लिए फर्जी वीडियो प्रसारित किये जा रहे हैं. लेकिन पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ सक्रियता नहीं दिखा रही है और भाजपा के लोग फर्जी मामलों में गिरफ्तार किये जा रहे हैं. इस संबंध में तृणमूल नेता दिलीप मल्लिक ने कहा कि लोगों ने देखा कि आज क्या हुआ. इसका जवाब जनता ही देगी और संदेशखाली के साथ किसने साजिश की है, ये स्टिंग वीडियो में साफ हो गया है. पीड़ित तृणमूल कर्मी का कहना है कि उसका उसका अपराध यही है कि वह टीएमसी कार्यकर्ता है. तृणमूल विधायक सुकुमार महतो ने आरोप लगाया है कि भाजपा की प्रत्याशी रेखा पात्रा ही यह सब हंगामा करवा रही हैं. गौरतलब है कि शनिवार रात सामने आये एक कथित वीडियो में संदेशखाली के एक भाजपा नेता को यह कहते हुए सुना गया कि 70 से अधिक महिलाओं को तृणमूल नेता शेख शाहजहां और उसके सहयोगियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के लिए दो-दो हजार रुपये मिले थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
