आरजी कर मामला : इडी ने पेश की पहली चार्जशीट

आरजी कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के संचालन में कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (इडी) ने शुक्रवार को पहली चार्जशीट अदालत में दाखिल की.

आरजी कर भ्रष्टाचार मामला. 10 करोड़ रुपये की वित्तीय गड़बड़ी का दावा

68 पन्नों की चार्जशीट, साथ में करीब दो हजार पन्नों के दस्तावेज भी जमा

अब मामले की अगली सुनवाई 16 फरवरी को

न्यूटाउन, टाला व कालिंदी में संदीप घोष से जुड़े ठिकानों पर इडी ने की थी छापेमारी

चार्जशीट में पूर्व अधीक्षक संदीप घोष के साथ विप्लव सिंह व सुमन हाजरा के भी नाम

संवाददाता, कोलकाताआरजी कर मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के संचालन में कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (इडी) ने शुक्रवार को पहली चार्जशीट अदालत में दाखिल की. अदालत सूत्रों के अनुसार, इडी ने कोलकाता सिटी सेशंस कोर्ट के चीफ जज सुकुमार राय की अदालत में यह चार्जशीट पेश की. चार्जशीट में अस्पताल के पूर्व अधीक्षक संदीप घोष के अलावा सुमन हाजरा और विप्लव सिंह के नाम भी शामिल हैं. साथ ही हाजरा मेडिकल नामक कंपनी का भी उल्लेख किया गया है. इडी ने 68 पन्नों की चार्जशीट के साथ जांच से जुड़े लगभग दो हजार पन्नों के दस्तावेज भी कोर्ट में जमा किये हैं. सूत्रों के मुताबिक, इडी का दावा है कि इस मामले में अब तक करीब 10 करोड़ रुपये का वित्तीय भ्रष्टाचार हुआ है, जिसमें संदीप घोष, सुमन हाजरा और विप्लव सिंह की भूमिका सामने आयी है. इस मामले की अगली सुनवाई 16 फरवरी को होगी.

गौरतलब है कि आरजी कर अस्पताल के पूर्व डिप्टी सुपरिटेंडेंट अख्तर अली ने पूर्व अधीक्षक संदीप घोष के खिलाफ शिकायत दर्ज कर इडी जांच की मांग की थी. इसी शिकायत के आधार पर सीबीआइ और इडी, दोनों एजेंसियों ने अपने-अपने स्तर पर जांच शुरू की थी.

इडी अधिकारियों ने कई ठिकानों पर छापेमारी की थी, जिनमें संदीप घोष का न्यूटाउन स्थित पुश्तैनी मकान, टाला का एक घर और कालिंदी में दवा की दुकान भी शामिल हैं. इसके बाद संदीप घोष, विप्लव सिंह और सुमन हाजरा को एक-एक कर गिरफ्तार किया गया. विप्लव सिंह और सुमन हाजरा को वेंडर बताया गया है. इस मामले में अंतिम गिरफ्तारी संदीप घोष के सिक्योरिटी गार्ड अफसर अली की हुई थी. इडी ने चार लोगों को गिरफ्तार कर जांच आगे बढ़ायी.

हालांकि, जनवरी 2025 में आरजी कर भ्रष्टाचार मामले को लेकर हाइकोर्ट ने इडी को कड़ी फटकार लगायी थी. जस्टिस तीर्थंकर घोष ने टिप्पणी की थी कि इडी केवल चार्जशीट दाखिल करता है, लेकिन ट्रायल प्रक्रिया शुरू नहीं करता. लंबी जांच के बाद अब शुक्रवार को इडी ने इस मामले में पहली चार्जशीट दाखिल की है.

इस बीच, शुक्रवार को ही सीबीआइ कोर्ट ने इस मामले के मूल शिकायतकर्ता अख्तर अली के खिलाफ भी गिरफ्तारी वारंट जारी किया. कोर्ट ने उन्हें तुरंत गिरफ्तार करने का आदेश दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >