विपक्ष निवेश आकर्षित करने में राज्य सरकार का समर्थन करने को तैयार : सुकांत मजूमदार

केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने शुक्रवार को कहा कि विपक्ष पश्चिम बंगाल में निवेश आकर्षित करने के लिए राज्य सरकार को पूरा समर्थन देगा.

संवाददाता, कोलकाता

केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने शुक्रवार को कहा कि विपक्ष पश्चिम बंगाल में निवेश आकर्षित करने के लिए राज्य सरकार को पूरा समर्थन देगा. यहां एक निवेश रोड शो को संबोधित करते हुए पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री मजूमदार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ के तहत पूर्व और पूर्वोत्तर क्षेत्र में निवेश बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर में कोई भी निवेश अप्रत्यक्ष रूप से बंगाल को लाभ पहुंचाएगा, क्योंकि कोलकाता और हल्दिया बंदरगाह व्यापार के लिए मुख्य प्रवेश द्वार के रूप में काम करेंगे.

पूर्वोत्तर में निवेश आकर्षित करने के लिए कोलकाता में आयोजित रोड शो के दौरान मजूमदार ने कहा, ‘‘एक सांसद और एक मंत्री के रूप में मैं चाहता हूं कि (पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री) ममता बनर्जी निवेश आकर्षित करने के लिए अन्य राज्यों में रोड शो आयोजित करें. यदि आवश्यक हो, तो मैं निवेश प्राप्त करने के लिए ममता के साथ (रोड शो में) जाने के लिए भी तैयार हूं. यह राज्य की अर्थव्यवस्था और उसके लोगों के लिए अच्छा होगा.’’

हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह पहल राज्य सरकार की ओर से होनी चाहिए. श्री मजूमदार ने कहा, ‘यह राज्य सरकार पर निर्भर करता है कि वह दूसरों से सहयोग लेना चाहती है या नहीं.’

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >