पटाखा फैक्टरी के मालिक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

दक्षिण 24 परगना के पाथरप्रतिमा के ढोलाहाट में सोमवार रात एक घर में हुए विस्फोट में घायल एक महिला की मंगलवार सुबह मौत हो गयी.

घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर हुई आठ, सभी एक ही परिवार के

संवाददाता, कोलकातादक्षिण 24 परगना के पाथरप्रतिमा के ढोलाहाट में सोमवार रात एक घर में हुए विस्फोट में घायल एक महिला की मंगलवार सुबह मौत हो गयी. इसके साथ ही इस घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गयी है. पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर पटाखा फैक्टरी के मालिक चंद्रकांत बनिक और तुषार बनिक की तलाश कर रही थी. मंगलवार शाम को एक गुप्त ठिकाने से चंद्रकांत बनिक को गिरफ्तार कर लिया गया. जबकि दूसरे भाई तुषार बानिक की तलाश अभी भी जारी है. दोनों भाइयों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है. विस्फोटकों के संबंध में लापरवाही सहित कुल सात मामले दर्ज किये गये हैं. यद्यपि फैक्टरी वैध है, लेकिन जांचकर्ताओं का कहना है कि हर स्तर पर लापरवाही की तस्वीर स्पष्ट है.

एडीजी (साउथ बंगाल) सुप्रतीम सरकार ने बताया कि चंद्रकांत बानिक और तुषार बानिक के खिलाफ विशेष धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. इनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 287, 288 (ज्वलनशील पदार्थ का लापरवाही से उपयोग जिससे मृत्यु हो सकती है), धारा 105, 110 (हत्या का प्रयास), 125 और 61 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पश्चिम बंगाल अग्निशमन सेवा अधिनियम 950, 24, 25 के तहत भी मामला दर्ज किया गया है. यह पटाखा फैक्टरी दस सालों से चल रही थी. उन्होंने बताया कि दोनों चंद्रकांत और तुषार की तलाश की जा रही है. मंगलवार को फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का दौरा कर घटनास्थल से नमूना संग्रह किया गया है. उनसे मिली रिपोर्ट के बाद ही विस्फोट के असली कारणों का पता चल सकेगा. गौरतलब है कि इस घटना में सोमवार रात को ही सात लोगों की मौत हो गयी थी. सुतापा जाना नामक महिला को लगभग 75 प्रतिशत तक झुलसी हालत में कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था. मंगलवार सुबह उसने भी दम तोड़ दिया. सुंदरबन के पुलिस अधीक्षक कोटेश्वर राव ने बताया कि अन्य मृतकों की पहचान प्रभाती बनिक (80), अरविंद बनिक (65), स्वंतना बनिक (28), अर्णब बनिक (9), अनुष्का बनिक (6) और छह माह के दो बच्चे अस्मिता एवं अंकित के रूप में हुई है. उन्होंने कहा कि जिस दो मंजिले घर में यह घटना हुई उसमें परिवार के 11 सदस्य रहते थे. उन्होंने कहा, इस बात की जांच की जा रही है कि घर में मिली कुछ वस्तुएं पटाखा बनाने में इस्तेमाल कच्चा माल थीं या नहीं.

जिलाधिकारी से रिपोर्ट तलब

कोलकाता. दक्षिण 24 परगना जिले के ढोलाहाट थाना क्षेत्र में सोमवार रात अवैध पटाखा कारखाना विस्फोट कांड पर राज्य सचिवालय नबान्न भवन ने जिलाधिकारी से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है. राज्य सचिवालय ने जिलाधिकारी से पूछा है कि जनबहुल इलाके में किस प्रकार से पटाखा कारखाना चल रहा था. पहले कार्रवाई क्यों नहीं की गयी. इलाके में और कितने इस प्रकार के पटाखा कारखाना या गोदाम है. इस बारे में पूरी जानकारी जिला प्रशासन को देनी होगी. राज्य सचिवालय ने पूछा है कि राज्य सरकार ने पहले ही जनबहुल इलाकों से पटाखा कारखाना व गोदामों का स्थानांतरण करने का निर्देश दिया था, उस आदेश का पालन क्यों नहीं किया गया. जानकारी के अनुसार, राज्य सचिवालय ने दक्षिण 24 परगना के साथ-साथ अन्य जिलों से भी पटाखा कारखानों को लेकर रिपोर्ट तलब की है. जिला प्रशासन ने जिलाधिकारियों से उनके क्षेत्र में स्थित पटाखा कारखानों की सूची मांगी है और वहां किस प्रकार के सुरक्षा के इंतजाम हैं, इस बारे में विस्तृत रिपोर्ट तलब की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >