इंडियन म्यूजियम में बम होने की सूचना से हड़कंप, तलाशी में नहीं मिली संदिग्ध वस्तु

महानगर स्थित भारतीय संग्रहालय (इंडियन म्यूजियम) में बम होने की धमकी भरा इमेल मिलने से दहशत फैल गयी.

संवाददाता, कोलकाता महानगर स्थित भारतीय संग्रहालय (इंडियन म्यूजियम) में बम होने की धमकी भरा इमेल मिलने से दहशत फैल गयी. अधिकारियों ने जैसे ही इमेल पढ़ा, तुरंत लालबाजार के पुलिस अफसरों को इसकी सूचना दी गयी. इसके बाद भारतीय संग्रहालय को तुरंत खाली करा दिया गया. वहीं, इस जानकारी के बाद न्यू मार्केट थाने की पुलिस व बम निरोधी दस्ते के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. घटना को लेकर काफी देर तक दहशत का माहौल व्याप्त रहा. क्या है मामला: पुलिस के मुताबिक, अन्य दिनों की तरह मंगलवार सुबह भी भारतीय संग्रहालय में पर्यटक मौजूद थे. उसी समय अचानक अधिकारियों का ध्यान धमकी भरे इमेल पर गया. यह इमेल 30 मार्च को मिला था. इसमें कहा गया था कि संग्रहालय में बम है. इसके बाद भारी हंगामा मच गया. खबर मिलते ही कोलकाता पुलिस सक्रिय हो गयी. शीर्ष पुलिस अधिकारी तुरंत बम निरोधक दस्ते के साथ भारतीय संग्रहालय पहुंचे. संग्रहालय को तुरंत खाली करा लिया गया. उस समय संग्रहालय में विदेशी पर्यटक भी थे. सघन तलाशी के बावजूद कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला. अधिकारी बताते हैं कि इस धमकी भरे इमेल के पीछे कौन है? कहीं इसके पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं है? इसकी जांच की जा रही है. पुलिस ने बताया है कि जिस आइडी से इमेल आया है उसकी जांच की जा रही है. जांचकर्ता इस संभावना से इंकार नहीं कर रहे हैं कि यह धमकी भरा संदेश फर्जी है. सूत्रों ने बताया कि पुलिस से मंजूरी मिलने तक संग्रहालय को आगंतुकों के लिए बंद कर दिया गया. जवाहरलाल नेहरू रोड पर स्थित भारतीय संग्रहालय के फुटपाथ पर अवरोधक लगा दिये गये. उस वक्त दिल्ली में मौजूद संग्रहालय के निदेशक एडी चौधरी ने फोन पर बताया: मुझे पता लगा है कि एक इमेल भेजा गया था. सीआइएसएफ पुलिस के साथ मिलकर तलाशी अभियान चला रही है. यह पूछे जाने पर कि क्या अब तक कुछ मिला है, उन्होंने जवाब दिया, ‘मुझे ऐसी कोई जानकारी नहीं दी गयी है.यह पूछे जाने पर कि क्या यह ‘अप्रैल फूल’ के मौके पर की गयी शरारत हो सकती है, उन्होंने कहा: हो सकता है, लेकिन हमें ऐसे हर संदेश को गंभीरता से लेना चाहिए और सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत सूचित करना चाहिए.’ यह संग्रहालय 1814 में स्थापित किया गया था. यह केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के प्रशासनिक विभाग के अधीन एक स्वायत्त संगठन है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Akhilesh kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >