दो फरवरी को पेश होगा ममता सरकार के मौजूदा कार्यकाल का आखिरी अंतरिम बजटसंवाददाता, कोलकाताराज्य विधानसभा का बजट सत्र राज्यपाल के अभिभाषण के साथ शुरू होगा. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तीसरी तृणमूल कांग्रेस सरकार का आखिरी अंतरिम बजट दो फरवरी को पेश किया जायेगा. यह विधानसभा चुनाव से पहले राज्य सरकार का अंतिम बजट होगा, जबकि चुनाव के बाद बनने वाली नयी सरकार पूर्ण बजट पेश करेगी. दो फरवरी को दोपहर एक बजे राज्यपाल का अभिभाषण होगा, जिसके बाद अपराह्न तीन बजे वित्त राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य विधानसभा में बजट प्रस्तुत करेंगी. विधानसभा सचिवालय के अनुसार, बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा. सत्र के आरंभ से एक दिन पहले 30 जनवरी को बिजनेस एडवाइजरी (बीए) कमेटी की बैठक बुलायी गयी है. इसके बाद सर्वदलीय बैठक भी आयोजित की जायेगी.
विदित हो कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तीसरी तृणमूल सरकार का यह आखिरी बजट होगा. ऐसे में इस बात को लेकर चर्चाएं तेज हो गयी हैं कि सीमित अवधि के इस अंतरिम बजट में सरकार जनता के लिए क्या खास घोषणाएं करती है. सूत्रों के अनुसार, वित्त राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य को बजट पेश करने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिये गये हैं.30 जनवरी को होगी बीए कमेटी की बैठक
विधानसभा स्पीकर विमान बनर्जी ने बताया कि 31 जनवरी को सत्र की शुरुआत होगी, लेकिन पहले दिन शोक प्रस्ताव पेश किये जाने के बाद सदन की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी जायेगी. उन्होंने कहा कि 30 जनवरी को पहले बीए कमेटी की बैठक होगी और उसके बाद सर्वदलीय बैठक आयोजित की जायेगी. स्पीकर विमान बनर्जी ने यह भी कहा कि राज्य में एसआइआर लागू होने के बाद उत्पन्न स्थिति पर विधानसभा में चर्चा कराये जाने की उनकी इच्छा है. इस बजट सत्र में प्रश्नकाल के साथ-साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा सत्र भी आयोजित किये जायेंगे. विधानसभा सचिवालय के अनुसार, बजट सत्र पांच फरवरी तक चल सकता है. चूंकि इस वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में सत्र के दौरान सरकार और विपक्ष के बीच तीखी जुबानी जंग की संभावना जतायी जा रही है. मौजूदा राजनीतिक माहौल को देखते हुए सदन में बहस और हंगामे के आसार भी बने हुए हैं.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
