कोलकाता. दक्षिण 24 परगना के कैनिंग थाना क्षेत्र के राममोहन पल्ली इलाके में एक मकान से लाखों के गहने व सामान की चोरी हो गयी. सूत्रों के अनुसार, मकान में रहने वाली रुनू बोस 26 दिन पहले अपने बीमार पति का इलाज कराने के लिए सपरिवार हैदराबाद गयी थी. पूरे परिवार को लंबा समय घर से बाहर रहना पड़ा. शुक्रवार को जब वे अपने घर लौटे, तो नजारा देखकर उनके होश उड़ गये. खिड़की का ग्रिल टूटा हुआ था. कमरे में सामान बिखरा पड़ा था. आलमारी चोरों ने खाली कर दिये थे. परिवार ने तुरंत घटना की जानकारी कैनिंग थाने की पुलिस को दी. शिकायत के अनुसार, चोरों ने घर की आलमारी से करीब तीन लाख रुपये नकद और करीब 10 से 12 भरी सोने के गहने चोरी कर लिये. इसके अलावा घर के अन्य कीमती सामान भी गायब मिले. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों का पता चल सके. हालांकि शनिवार देर शाम तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
