कोलकाता में पूर्व सैनिकों के लिए रक्षा मंत्रालय का रोजगार मेला 29 को

नियोक्ता कंपनियों के लिए पंजीकरण, नौकरी की जानकारी साझा करना, स्टॉल आवंटन और बायोडाटा तक पहुंच जैसी सभी सुविधाएं निशुल्क रखी गयी हैं.

कोलकाता. रक्षा मंत्रालय के अधीन डायरेक्टरेट जनरल रिसेटलमेंट (डीजीआर) की ओर से कोलकाता में पूर्व सैनिकों के लिए एक रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है. यह मेला 29 अक्तूबर को सुबह सात बजे से भारतीय थल सेना के पूर्वी कमान के मुख्यालय विजय दुर्ग (फोर्ट विलियम) स्थित सूर्योदय ऑडिटोरियम, में आयोजित होगा. इस पहल का उद्देश्य उन पूर्व सैनिकों को एक नया अवसर प्रदान करना है, जो सशस्त्र बलों में अपनी सेवा पूरी करने के बाद अब नागरिक क्षेत्र में अपने दूसरे करियर की तलाश कर रहे हैं. इस मेले के माध्यम से विभिन्न उद्योग क्षेत्रों के नियोक्ताओं को एक ऐसा मंच मिलेगा, जहां वे अनुभवी, अनुशासित और कुशल पूर्व सैनिकों से सीधे संवाद कर सकेंगे. नियोक्ता कंपनियों के लिए पंजीकरण, नौकरी की जानकारी साझा करना, स्टॉल आवंटन और बायोडाटा तक पहुंच जैसी सभी सुविधाएं निशुल्क रखी गयी हैं. वहीं, मेले में भाग लेने वाले पूर्व सैनिकों को अपने साथ इएसएम (एक्स सर्विसमैन) पहचान पत्र और बायोडाटा की पांच प्रतियां लाने का अनुरोध किया गया है. मेले में रक्षा, सुरक्षा सेवा, इंजीनियरिंग, आतिथ्य, प्रशासन, प्रबंधन और तकनीकी क्षेत्रों से जुड़ी नामी कंपनियों के भाग लेने की संभावना है. आयोजकों का कहना है कि इससे पूर्व सैनिकों को अपनी क्षमता और अनुभव के अनुरूप रोजगार पाने में मदद मिलेगी. यह रोजगार मेला इएसएमहायर के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है. इच्छुक उम्मीदवार और नियोक्ता www.esmhire.com वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं. रक्षा मंत्रालय का मानना है कि इस तरह के आयोजन पूर्व सैनिकों को न केवल सम्मानजनक आजीविका दिलाने में मदद करेंगे, बल्कि देश की औद्योगिक और सामाजिक संरचना में उनके अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और अनुभव का योगदान भी सुनिश्चित करेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GANESH MAHTO

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >