तृणमूल ने ‘लक्खी एलो घोरे’ के जरिये कल्याणकारी मुद्दों को बड़े पर्दे पर उतारा

विधवा का किरदार अभिनेत्री शुभाश्री गांगुली ने निभाया है.

कोलकाता. राज्य विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस ने कल्याणकारी मुहिम को बढ़ावा देने के लिए सिल्वर स्क्रीन का सहारा लिया है और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नेतृत्व वाले राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं को रोजमर्रा की जिंदगी बदलने वाले सामाजिक उपायों के रूप में पेश करती 55 मिनट की एक डॉक्यूमेंट्री का अनावरण किया है. ‘लक्खी एलो घोरे’ शीर्षक इस फिल्म का प्रीमियर बुधवार रात नंदन में हुआ, जहां तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी, पार्टी के सांसद और मंत्री तथा तमिलनाडु फिल्म उद्योग की जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं. फिल्मकार और बैरकपुर के विधायक राज चक्रवर्ती द्वारा निर्देशित इस डॉक्यूमेंट्री में एक काल्पनिक लेकिन राजनीतिक रूप से प्रभावशाली कथा बुनी गयी है. कहानी ग्रामीण बंगाल की एक लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसने कम उम्र में अपने पति को खो दिया था. विधवा का किरदार अभिनेत्री शुभाश्री गांगुली ने निभाया है.

उसके किसान पति की दिल का दौरा पड़ने से अचानक मौत के बाद उसकी जिंदगी बिखर जाती है. सामाजिक रीति-रिवाजों की जकड़न के साथ, विधवा को गरीबी और जड़ जमाये पितृसत्तात्मक मानदंडों के बीच अपने ही घर में अपमान का सामना करना पड़ता है. कहानी में मोड़ तब आता है जब उसे धीरे-धीरे राज्य की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने लगता है. घरेलू सहायता के लिए लक्खी भंडार योजना, खाद्य सुरक्षा के लिए खाद्य साथी योजना, खेती सहायता के लिए कृषक बंधु योजना, आजीविका के लिए स्वयं सहायता समूहों के ऋण, कन्याश्री योजना, स्वास्थ्य सेवा के लिए स्वास्थ्य साथी और स्थायी आवास के लिए बांग्लार बाड़ी योजना. ये सरकारी पहल उस विधवा स्त्री को अपनी जिंदगी फिर से संवारने में मदद करते हैं. यह डॉक्यूमेंट्री अब तृणमूल के चुनावी अभियान के तहत मोहल्लों और गांवों में दिखायी जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GANESH MAHTO

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >