कोलकाता. उमस भरी गर्मी से कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के लोग बेहाल है. इस बीच अलीपुर मौसम विभाग ने कुछ जिलों में लू की चेतावनी भी जारी की है. मॉनसून के दक्षिण बंगाल में आने को लेकर लोगों की उत्सुकता बनी हुई है. मौसम विभाग ने बताया कि सबकुछ ठीक रहा तो चार से पांच दिनों में उत्तर बंगाल के बाकी हिस्से सहित दक्षिण बंगाल में मॉनसून आ जायेगा. तब तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है. हालांकि विभाग ने यह भी कहा कि सोमवार से कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश भी होगी. मौसम विभाग का कहना है कि मॉनसून फिलहाल दक्षिण बंगाल के इस्लामपुर तक पहुंचा है. चार से पांच दिनों में वह दक्षिण बंगाल में प्रवेश कर सकता है. वहीं उत्तर बंगाल में भारी बारिश जारी रहेगी. मंगलवार तक जलपाईगुड़ी, कूचबिहार, अलीपुरद्वार, दार्जिलिंग में अति भारी बारिश जारी रहेगी. इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. खराब मौसम के कारण सिक्किम से रविवार को पर्यटकों को एयर लिफ्ट नहीं किया जा सका है. धंसान से सड़कें बंद कर दी गयी हैं. पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बर्दवान, पुरुलिया में मंगलवार तक लू की चेतावनी जारी की गयी है. मंगलवार व बुधवार को दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में गरज के साथ बारिश हो सकती है. तेज गति से हवा भी चल सकती है. गुरुवार को सभी जिलों में बारिश की संभावना जतायी गयी है. कोलकाता में आज तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. आर्द्रता 74 फीसदी दर्ज की गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
