UP के ऐसे युवाओं को योगी सरकार दे रही है 5 लाख रुपए , न ब्याज लगेगा न गारंटी, जानें पूरा प्रोसेस

योगी सरकार की युवा उद्यमी योजना उत्तर प्रदेश के युवाओं को अपना कारोबार शुरू करने का सुनहरा अवसर दे रही है. इस योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का ब्याज-मुक्त और गारंटी-मुक्त लोन उपलब्ध है. जानिए कैसे करें आवेदन और उठाएं इस खास मौके का लाभ.

UP News : अपना कारोबार शुरू करने का सपना देख रहे तो यूपी के युवाओं के लिए सरकार की युवा उद्यमी योजना काफी मददगार साबित हो सकती है. इस योजना के तहत पात्र युवाओं को 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त और गारंटी मुक्त लोन देने की बात कही गई है. यानी कारोबार शुरू करने के लिए युवाओं को अपनी संपत्ति गिरवी रखने या किसी तरह की गारंटी देने की जरूरत नहीं होगी. सरकार की ओर से ब्याज और गारंटी का प्रावधान किया जाएगा.

क्या है योजना का मुख्य फायदा?

युवा उद्यमी योजना का मकसद युवाओं को आर्थिक बोझ के बिना अपना स्वरोजगार शुरू करने में मदद करना है. इसके तहत पात्र युवाओं को परियोजना लागत के हिसाब से वित्तीय सहायता दी जाती है. ब्याज-मुक्त ऋण: पात्र युवाओं को 5 लाख रुपये तक की परियोजना के लिए 100 प्रतिशत ब्याज-मुक्त लोन मिल सकता है. गारंटी-मुक्त लोन: बैंक से लोन लेने के लिए किसी तरह की संपत्ति गिरवी रखने या गारंटी देने की जरूरत नहीं होगी. मार्जिन मनी अनुदान: शुरुआती वित्तीय मदद के तौर पर परियोजना लागत पर मार्जिन मनी का अनुदान यानी सब्सिडी भी दिया जाता है. ट्रेनिंग और मार्गदर्शन: कारोबार को बेहतर तरीके से चलाने के लिए युवाओं को जरूरी कौशल प्रशिक्षण, डिजिटल लेनदेन में सहायता और मेंटरशिप भी दी जाती है.

कौन कर सकता है आवेदन?

योजना का लाभ लेने के लिए कुछ जरूरी पात्रता शर्तें रखी गई हैं. आवेदक की उम्र सामान्य तौर पर 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए. इसके अलावा आवेदक का कम से कम 8वीं कक्षा पास होना और किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से कौशल प्रशिक्षण का प्रमाण पत्र होना जरूरी है. आवेदक पहले से किसी बैंक या वित्तीय संस्थान का डिफॉल्टर नहीं होना चाहिए. साथ ही उसे किसी दूसरी केंद्र या राज्य सरकार की ऐसी योजना का लाभ नहीं मिल रहा होना चाहिए, जिसमें ब्याज या पूंजी से जुड़ा लाभ मिलता हो. हालांकि, पीएम स्वनिधि योजना इसका अपवाद है.

मोबाइल से कैसे भरें आवेदन?

अगर आप इस योजना के लिए आवेदन करना चाहते हैं तो ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए फॉर्म भर सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले मोबाइल में Google खोलकर सरकारी CSC की वेबसाइट सर्च करनी होगी. वेबसाइट खुलने के बाद पहली वेबसाइट पर क्लिक करें और सरकारी काम से जुड़े विकल्प पर जाएं. इसके बाद थोड़ा नीचे स्क्रॉल करने पर ‘व्यापार के लिए पांच लाख’ का विकल्प दिखाई देगा. इस पर क्लिक करें. अब ‘नवीन उपयोगकर्ता पंजीकरण’ के विकल्प पर क्लिक करना होगा. इसके बाद योजना का चयन करने पर आवेदन का फॉर्म खुल जाएगा.

तीन चरणों में पूरा होगा आवेदन

फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरने के बाद उसे सबमिट करने पर यूजरनेम और पासवर्ड मिल जाएगा. इसके बाद दोबारा लॉगिन करके नया पासवर्ड बनाया जा सकता है, जबकि यूजरनेम वही रहेगा. इसके बाद फिर से लॉगिन करने पर आवेदन फॉर्म तीन चरणों में खुलेगा. तीनों चरणों में मांगी गई जानकारी भरने के बाद फॉर्म को फाइनल सबमिट करना होगा. इस तरह युवा घर बैठे मोबाइल के जरिए योजना के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.

Also Read : 2027 में सूपड़ा साफ , 28 में सपा समाप्त , ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर लगाया गंभीर आरोप


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Lucky Kumari

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >