UP News: उत्तर प्रदेश में मेधावी छात्राओं और युवाओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई बड़े ऐलान किए हैं. उन्होंने कहा कि स्नातक फाइनल ईयर की 50 हजार मेधावी बेटियों को अगले दो महीने के भीतर स्कूटी दी जाएगी. इसके साथ ही हर जिले में सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर Employment and Skilling Zone बनाने की बात कही गई है, जहां युवाओं को स्किल डेवलपमेंट के साथ नौकरी की गारंटी भी मिलेगी.
50 हजार मेधावी बेटियों को मिलेगी स्कूटी
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्नातक फाइनल ईयर में पढ़ने वाली मेधावी बेटियों को स्कूटी देने की योजना पर काम किया जा रहा है. इसके तहत 50,000 मेधावी बेटियों को अगले दो महीने के अंदर स्कूटी दी जाएगी.
हर जिले में बनेगा Employment and Skilling Zone
युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए हर जनपद में सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर Employment and Skilling Zone बनाया जा रहा है. मुख्यमंत्री के मुताबिक, यहां कोई भी युवा जाकर यह बता सकेगा कि उसे नौकरी चाहिए. इसके बाद उसके लिए जरूरी स्किल डेवलपमेंट की व्यवस्था की जाएगी और साथ ही उसे नौकरी की गारंटी देने का काम भी किया जाएगा.
जापान-जर्मनी जाने वालों को भी मिलेगी सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर कोई युवा भारत में ही काम करना चाहता है तो उसके लिए रोजगार की सुविधा होगी. वहीं, अगर किसी की इच्छा जापान, जर्मनी या इजराइल जाकर काम करने की है, तो उसके लिए भी इसी व्यवस्था के तहत सुविधा उपलब्ध कराने का काम किया जाएगा.
सीएम ने गिनाईं 2017 से पहले की स्थिति
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में 2017 से पहले प्रदेश की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय बिजली, सड़क, स्कूल-कॉलेज और उपचार जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी थी. उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए नौकरी और बेटियों के लिए पढ़ाई व शादी की व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं थी.
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना शुरू की थी, तब समाजवादी पार्टी ने इसका विरोध किया था. उन्होंने कहा कि उन्हें यह देखकर हैरानी हुई कि गरीब बेटियों की शादी के लिए सरकार की ओर से आर्थिक मदद दिए जाने पर भी इसका विरोध किया गया. मुख्यमंत्री के मुताबिक, अब तक उत्तर प्रदेश में 5 लाख बेटियों की शादी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत हो चुकी है.
बेटी की शादी के लिए अब 1 लाख रुपये का अनुदान
उन्होंने बताया कि वर्तमान में सरकार बेटी की शादी के लिए 1 लाख रुपये का अनुदान दे रही है. योजना के तहत गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में सरकार आर्थिक मदद उपलब्ध करा रही है.
9.5 लाख युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक उत्तर प्रदेश में 9.5 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है. उन्होंने यह भी ऐलान किया कि अगले एक साल के भीतर 1 लाख और नौजवानों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे. उन्होंने कहा कि यह काम अगले एक साल के अंदर पूरा किया जाएगा और चुनाव से पहले युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य है.
Also Read: 31 अगस्त को बहराइच को मिलेगा तोहफा, नेपालगंज रोड से चलेंगी ये ट्रेनें, जानें पूरा अपडेट
