UP News: वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मंगलवार दोपहर रनवे में अचानक खराबी आने से विमानों का संचालन प्रभावित हो गया. सुरक्षा के मद्देनजर दोपहर एक बजे से तीन बजे तक उड़ानों की आवाजाही रोक दी गई. इस दौरान वाराणसी आने वाली तीन फ्लाइट को दूसरे एयरपोर्ट डायवर्ट करना पड़ा, जबकि तीन उड़ानों को उनके मूल एयरपोर्ट पर ही रोक दिया गया.
रनवे में खराबी के बाद उड़ानों का संचालन रोका
रनवे में गड़बड़ी की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट के वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक की और विमानों का संचालन अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया. इसके बाद रनवे की मरम्मत का काम तत्काल शुरू कराया गया. इस दौरान दिल्ली से वाराणसी पहुंची इंडिगो की फ्लाइट 6E 5025 को अयोध्या डायवर्ट किया गया. बताया गया कि विमान वाराणसी के आसमान में पहुंचने के बाद कुछ देर चक्कर लगाता रहा, फिर उसे अयोध्या भेज दिया गया.
अहमदाबाद और नवी मुंबई की उड़ानें लखनऊ भेजी गईं
अहमदाबाद से वाराणसी आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6805 को लखनऊ डायवर्ट किया गया. वहीं, नवी मुंबई से वाराणसी आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 2442 को भी लखनऊ भेज दिया गया. इसके अलावा अयोध्या, दिल्ली और लखनऊ से वाराणसी आने वाली तीन उड़ानों को उनके मूल एयरपोर्ट पर ही होल्ड करा दिया गया.
काउंटर पर जानकारी लेते रहे यात्री
उड़ानों के डायवर्ट होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्रियों को लेने पहुंचे लोग भी उड़ानों की स्थिति को लेकर परेशान रहे. कई यात्री एयरलाइंस के काउंटर पर पहुंचकर जानकारी लेते दिखे, जबकि कुछ लोग फोन पर अधिकारियों और अपने परिजनों से उड़ानों के बारे में जानकारी लेते रहे.
दो घंटे में मरम्मत पूरी होने की उम्मीद
एयरपोर्ट डायरेक्टर पुनीत गुप्ता ने बताया कि रनवे में खराबी सामने आने के बाद तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया. इसी वजह से दोपहर एक बजे से तीन बजे तक विमानों का आवागमन बंद रखा गया है. उन्होंने बताया कि मरम्मत का काम करीब दो घंटे में पूरा होने की उम्मीद है. इसके बाद उड़ानों का संचालन दोबारा शुरू कर दिया जाएगा.
Must Read- 'Gen-Z अपनी राजनीति चमकाने वालों से सावधान रहे', मायावती का BJP, कांग्रेस और AAP पर करारा हमला
