UP Census Training 2027: उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 की तैयारियां अब अगले चरण में पहुंच गई हैं. प्रदेश में बुधवार से 350 मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण शुरू होगा. इसके बाद यही मास्टर ट्रेनर 7,500 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित करेंगे. फील्ड ट्रेनर आगे प्रदेश में तैनात 5.63 लाख गणनाकर्मियों को प्रशिक्षण देंगे. यानी जनगणना की तैयारियों के लिए ट्रेनिंग का यह पूरा नेटवर्क चरणबद्ध तरीके से तैयार किया जा रहा है.
कोई घर न छूटे, दो बार न हो गणना
प्रशिक्षण के दौरान सबसे ज्यादा जोर गणना की शुद्धता पर रहेगा. अधिकारियों और प्रशिक्षकों को यह सुनिश्चित करने के लिए तैयार किया जा रहा है कि जनगणना के दौरान कोई घर या व्यक्ति गणना से छूटे नहीं. साथ ही, किसी व्यक्ति की दो बार गणना न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाएगा. इसके लिए गणनाकर्मियों को प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया जाएगा.
आठ बैचों में हो रही मास्टर ट्रेनरों की ट्रेनिंग
मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण दो स्लाट में कुल आठ बैचों में कराया जा रहा है. पहले स्लाट के चार बैचों का प्रशिक्षण 16 से 19 सितंबर तक पूरा हो चुका है. अब दूसरे स्लाट के चार बैचों का प्रशिक्षण 23 से 26 सितंबर तक होगा. इस प्रशिक्षण के जरिए मास्टर ट्रेनरों को आगे फील्ड ट्रेनरों और गणनाकर्मियों को प्रशिक्षित करने के लिए तैयार किया जाएगा.
1 दिसंबर से शुरू होगी मुख्य जनगणना
अधिकारियों को प्रशिक्षण के दौरान यह भी बताया जा रहा है कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं है. यह देश और प्रदेश के भविष्य की योजनाओं के लिए भरोसेमंद आधार तैयार करने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है. उत्तर प्रदेश में मुख्य जनगणना का काम 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक चलेगा. इसके बाद 5 से 9 जनवरी तक पुनरीक्षण का चरण होगा.
