UP News: उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में हाल के दिनों में दो अलग-अलग घटनाओं में लोको पायलट की सतर्कता और समय पर उठाए गए कदमों से बड़े रेल हादसे टल गए. एक मामले में ट्रैक्टर चालक की लापरवाही के कारण ट्रेन रोकनी पड़ी, जबकि दूसरी घटना में जेसीबी से ट्रैक पर गिरा लोहे का टुकड़ा मालगाड़ी के इंजन से टकरा गया. रेलवे ने लोगों से ट्रैक के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.
मसौधा-अयोध्या कैंट के बीच टला हादसा
उत्तर रेलवे के सीनियर डीसीएम समर्थ गुप्ता ने बताया कि पहली घटना मसौधा और अयोध्या कैंट स्टेशन के बीच हुई. यहां एक ट्रैक्टर चालक रेलवे फाटक के पास अनधिकृत तरीके से रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश कर रहा था. स्थिति को भांपते हुए लोको पायलट ने समय रहते ट्रेन रोक दी, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकी.
जेसीबी से गिरा लोहे का टुकड़ा, मालगाड़ी से टकराया
दूसरी घटना अटरामपुर-फाफामऊ रेलखंड पर हुई. यहां बिना अनुमति रेलवे ट्रैक पार कर रही एक जेसीबी मशीन से लोहे का टुकड़ा ट्रैक पर गिर गया. कुछ देर बाद वहां से गुजर रही मालगाड़ी का इंजन उस टुकड़े से टकरा गया. घटना के चलते कुछ समय तक रेल संचालन प्रभावित रहा. रेलवे ने संबंधित जेसीबी चालक के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है.
रेलवे ने जारी की चेतावनी, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
उत्तर रेलवे ने आम नागरिकों, वाहन चालकों और ठेकेदारों से रेलवे ट्रैक के आसपास पूरी सावधानी बरतने की अपील की है. रेलवे ने कहा है कि ट्रैक या उसके सुरक्षा क्षेत्र के पास किसी भी वाहन, मशीन या निर्माण सामग्री को न रखें और रेलवे लाइन पार करने के लिए केवल अधिकृत समपार फाटक, रोड ओवरब्रिज (ROB) या रोड अंडरब्रिज (RUB) का ही उपयोग करें. रेलवे ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: UP में मौसम का यू-टर्न, 42 जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने का खतरा
