उत्तर प्रदेश के एटा जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. सेना के एक जवान पर अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या करने और शव को आगरा रोड स्थित हजारा नहर में फेंकने का आरोप है. वारदात के बाद आरोपी पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित अपनी ड्यूटी पर लौट गया. पुलिस ने सेना के सहयोग से उसे गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर एटा लाया है. पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार करने का दावा किया है, जबकि मृतका का शव अभी तक बरामद नहीं हो सका है.
कैंटीन ले जाने का बहाना बनाकर घर से निकाला
पुलिस के अनुसार, आरोपी फौजी रमाकांत की पत्नी सोनी अपने बच्चों के साथ एटा शहर के कोतवाली नगर क्षेत्र में किराए के मकान में रहती थी. छह जुलाई को रमाकांत ने पत्नी को आगरा स्थित सेना की कैंटीन से सामान दिलाने का बहाना बनाया और कार से अपने साथ ले गया. इस दौरान उसके साथ गांव का रहने वाला अजय भी मौजूद था. इसके बाद सोनी वापस घर नहीं लौटी.
मायके वालों ने जताई हत्या की आशंका
पत्नी के घर नहीं लौटने पर उसकी मां सरोज देवी ने पति रमाकांत और उसके परिजनों के खिलाफ हत्या की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंची.
जांच में खुला हत्या का पूरा राज
एएसपी श्वेताभ पांडेय ने बताया कि जांच में सामने आया कि रमाकांत ने अपने दोस्त के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की. रास्ते में पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर कार के अंदर गला दबाकर उसकी जान ले ली. इसके बाद शव को आगरा रोड स्थित हजारा नहर में फेंक दिया गया.
हत्या के बाद पहुंचा जलपाईगुड़ी
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी कुछ दिनों तक इधर-उधर छिपता रहा. पहले वह पठानकोट गया और बाद में पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी पहुंचकर सेना में अपनी ड्यूटी ज्वाइन कर ली. न्यायालय से वारंट जारी होने के बाद एटा पुलिस की टीम सेना के अधिकारियों के सहयोग से जलपाईगुड़ी के माल बाजार पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
कार से मिली टूटी चूड़ियां बनीं अहम सबूत
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की कार से सोनी की टूटी हुई चूड़ियां बरामद हुई हैं. पुलिस का मानना है कि हत्या से पहले सोनी ने खुद को बचाने की पूरी कोशिश की थी और संघर्ष के दौरान उसकी चूड़ियां टूट गईं. इन्हें मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है.
शव की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस आरोपी की निशानदेही पर हजारा नहर में लगातार शव की तलाश कर रही है. हालांकि समाचार लिखे जाने तक शव बरामद नहीं हो सका था. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पति-पत्नी के बीच लंबे समय से था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. पुलिस का मानना है कि इसी विवाद के चलते आरोपी ने पत्नी की हत्या की साजिश रची और कैंटीन ले जाने के बहाने उसे घर से बाहर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके साथी की भूमिका की भी जांच कर रही है.
Input: Ravi Ranjan Kumar
