UP News: ऑनलाइन गेम में पैसे गंवाने और बढ़ते कर्ज से परेशान भंगेल गांव निवासी 40 वर्षीय गणेश सिंह ने रविवार शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. गोंडा के बलमत्थर गांव के रहने वाले गणेश नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे और पत्नी व तीन बच्चों के साथ भंगेल में किराये के मकान में रहते थे. शुरुआती जांच में ऑनलाइन गेम के कारण उन पर काफी कर्ज होने की बात सामने आई है.
बच्चों ने कमरे में देखा फंदे पर लटका
पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम भंगेल गांव में आत्महत्या की सूचना मिली थी. गणेश की पत्नी बच्चों के साथ बालकनी में थी. कुछ देर बाद बच्चे कमरे में गए तो उन्होंने गणेश को रस्सी के सहारे फंदे पर लटका देखा. परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
ऑनलाइन गेम में गंवाए पैसे, बढ़ता गया कर्ज
जांच में सामने आया है कि ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान गणेश पर काफी कर्ज हो गया था. इसे लेकर वह परिवार के लोगों के सामने कई बार चिंता भी जाहिर करते थे. लगातार नुकसान के बाद उसकी भरपाई के लिए दोबारा पैसे लगाने से आर्थिक परेशानी और बढ़ती गई.
मोबाइल कब्जे में, गेम और कर्ज की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है. मृतक का मोबाइल फोन भी जांच के लिए कब्जे में लिया गया है. पुलिस ऑनलाइन गेम और कर्ज से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है.
पुलिस ने ऑनलाइन गेम और सट्टे से बचने की अपील की
एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि पुलिस परिवार के संपर्क में है और मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने लोगों से ऑनलाइन गेम और सट्टे से जुड़े एप में जल्दी पैसा कमाने के लालच में नहीं फंसने की अपील की. उन्होंने कहा कि लगातार नुकसान होने पर उसकी भरपाई के लिए दोबारा पैसे लगाना समस्या को और गंभीर बना सकता है. परिवार में किसी व्यक्ति पर आर्थिक दबाव दिखे तो उससे खुलकर बातचीत करनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर विश्वसनीय वित्तीय सलाहकार या पेशेवर मदद लेनी चाहिए. Must Read: रक्षाबंधन पर सूनी रहती हैं भाइयों की कलाइयां, UP के इस गांव में राखी बांधने से क्यों डरते हैं लोग? वजह जानकर रह जाएंगे हैरान
