UP News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के लिए मुसीबत बन गई. आरोप है कि युवक ने पहले दोस्ती कर भरोसा जीता, फिर उसकी निजी तस्वीरें हासिल कर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. पीड़िता के पिता की शिकायत पर हसनगंज पुलिस मामले की जांच कर रही है.
दोस्ती के बाद शुरू हुई ब्लैकमेलिंग
गढ़ी नगर निवासी श्याममणि तिवारी के मुताबिक, उनकी बेटी की दिसंबर 2025 में इंस्टाग्राम पर वंश नाग नाम के युवक से पहचान हुई थी. बातचीत के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर लड़की की स्नैपचैट आईडी और पासवर्ड हासिल कर लिए. इसके बाद उसने निजी तस्वीरें डाउनलोड कर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया.
नकदी और 36 ग्राम सोने के गहने ऐंठने का आरोप
पीड़ित परिवार के अनुसार, आरोपी ने पोर्टर ऐप के माध्यम से कई बार करीब 58 हजार रुपये नकद मंगवाए और 2 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी कराए. इतना ही नहीं, अप्रैल से जून 2026 के बीच उसने दबाव बनाकर करीब 36 ग्राम सोने के गहने भी अपने पास मंगवा लिए. इनमें अंगूठी, चेन, ब्रेसलेट और मंगलसूत्र शामिल हैं.
परिजनों को पता चला तो दी धमकी
घर से नकदी और गहने गायब होने पर परिजनों ने पूछताछ की, तब पूरी घटना सामने आई. आरोप है कि जब परिवार ने आरोपी से रुपये और गहने लौटाने को कहा तो उसने इनकार कर दिया. साथ ही शिकायत करने पर पीड़िता की निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी.
पुलिस जुटा रही साक्ष्य
पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ ब्लैकमेलिंग, साइबर अपराध और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की मांग की है. आरोप है कि युवक ने पीड़िता के नाम से फर्जी ईमेल आईडी और सोशल मीडिया अकाउंट भी बनाए. पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
Also Read: 19 साल का इंतजार खत्म, अब इन छात्रों को रेलवे टिकट पर मिलेगी 50% किराया छूट, जानें पूरी खबर
