UP News: लखनऊ के महानगर स्थित बीरबल साहनी मार्ग पर बने श्री संकट हरण पंचमुखी हनुमान मंदिर में रविवार रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई. चोर मंदिर के चैनल पर लगे चारों ताले काटकर अंदर घुसे और पंचमुखी हनुमान समेत अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं से चांदी के मुकुट और छत्र चोरी कर ले गए. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
पंचमुखी हनुमान समेत सभी प्रतिमाओं से मुकुट-छत्र चोरी
मंदिर के पुजारी दिनेश कुमार दीक्षित ने बताया कि वह सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे मंदिर का कपाट खोलने पहुंचे तो बाहर लगे ताले टूटे मिले. अंदर जाकर देखा तो सबसे पहले गणेश जी की प्रतिमा से चांदी का मुकुट और छत्र गायब था. इसके बाद राम, लक्ष्मण और सीता की प्रतिमाओं के मुकुट और छत्र भी नहीं मिले. पंचमुखी हनुमान की प्रतिमा का पर्दा हटाने पर उनके पांचों चांदी के मुकुट और छत्र भी चोरी मिले.
करीब 35 लाख के सामान चोरी होने का दावा
पुजारी दिनेश कुमार दीक्षित के अनुसार, चोरी हुए सामान की कीमत करीब 35 से 36 लाख रुपये है. चोर मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, जिससे वारदात के फुटेज भी नहीं मिल सके. घटना रविवार रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है.
संस्थापक के बेटे ने दी तहरीर, पुलिस ने शुरू की जांच
मंदिर के संस्थापक आर.पी. शर्मा के बेटे पवन कुमार शर्मा ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी है. सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए. पुलिस का कहना है कि लिखित शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.
Must Read- बदायूं में चलती पैसेंजर के इंजन में अचानक लगी आग, रेलवे की टीम मौके पर पहुंची, कई ट्रेनें प्रभावित
