UP News: उत्तर प्रदेश के हाथरस से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है. कंधों पर स्कूल बैग, तन पर यूनिफॉर्म और आंखों में पढ़ने का सपना... लेकिन स्कूल पहुंचने से पहले इन मासूम बच्चों को गंदे और बदबूदार पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है. आखिरकार बच्चों ने खुद कैमरे के सामने हाथ जोड़कर जिलाधिकारी से मदद की गुहार लगाई. उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
स्कूल जाने का रास्ता बना मुसीबत
यह मामला हाथरस शहर के नगला अलगरजी रोड का है. वायरल वीडियो में कई स्कूली बच्चे सड़क पर भरे गंदे पानी के बीच खड़े दिखाई दे रहे हैं. किसी के कंधे पर स्कूल बैग है, तो कोई यूनिफॉर्म में नजर आ रहा है. लेकिन उनके चेहरों पर स्कूल जाने की खुशी नहीं, बल्कि रोज की परेशानी साफ दिखाई देती है.
'डीएम सर... हमारी मदद कर दीजिए'
वीडियो में बच्चे हाथ जोड़कर कैमरे की ओर देखते हैं और कहते हैं, "डीएम सर... हमारी मदद कर दीजिए. हम रोज इसी गंदे पानी से होकर स्कूल जाते हैं." बच्चों की यह छोटी-सी अपील पूरे इलाके की बड़ी समस्या को बयां कर रही है.
लंबे समय से जलभराव, शिकायत के बाद भी नहीं समाधान
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है. सड़क पर लंबे समय से जलभराव बना हुआ है. बस्ती के लोगों ने कई बार नगर पालिका में लिखित शिकायत भी दी, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला. इसी वजह से हर दिन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
बारिश के बाद और बिगड़ जाते हैं हालात
ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश होने के बाद स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है. सड़क पर गंदा पानी भर जाता है, जिससे बच्चों को उसी पानी से होकर स्कूल जाना पड़ता है. लोगों का यह भी कहना है कि गंदे पानी की वजह से बीमारियां फैलने का खतरा भी लगातार बना रहता है.
बच्चों ने नहीं किया प्रदर्शन, सिर्फ मदद मांगी
अक्सर अपनी समस्याओं को लेकर बड़े लोग प्रशासन के सामने आवाज उठाते हैं, लेकिन इस बार बच्चों ने खुद अपनी तकलीफ बयां की. उन्होंने न तो कोई प्रदर्शन किया और न ही नारेबाजी की. सिर्फ हाथ जोड़कर प्रशासन से सुरक्षित रास्ता दिलाने की अपील की.
वायरल वीडियो के बाद प्रशासन पर टिकी निगाहें
बच्चों का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब स्कूली बच्चों को रोज गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, तो आखिर इस समस्या का समाधान कब होगा? अब सभी की नजर प्रशासन पर है कि बच्चों की इस भावुक अपील पर कब कार्रवाई होती है.
बच्चों की बस एक ही मांग
बच्चों का कहना है कि उन्हें किसी खास सुविधा की जरूरत नहीं है. उनकी सिर्फ इतनी मांग है कि स्कूल जाने का रास्ता साफ और सुरक्षित बना दिया जाए. क्योंकि पढ़ाई तक पहुंचने का रास्ता अगर गंदे पानी से होकर गुजरे, तो यह सिर्फ बच्चों की नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था की भी परीक्षा बन जाता है.
Input- Lucky Kumari
