गैंगस्टर केसी राय की 10 करोड़ की संपत्ति कुर्क, कोर्ट के आदेश पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

UP News: आजमगढ़ में पुलिस और प्रशासन ने कुख्यात गैंगस्टर और भूमाफिया कृष्णचंद्र राय उर्फ केसी राय की करीब 10 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति कुर्क की है. न्यायालय के आदेश पर हुई इस कार्रवाई से संगठित अपराध पर बड़ा प्रहार हुआ है.

UP News: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में संगठित अपराध और भूमाफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. न्यायालय के आदेश पर कुख्यात गैंगस्टर, हिस्ट्रीशीटर और भूमाफिया कृष्णचंद्र राय उर्फ केसी राय की करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्ति कुर्क कर प्रशासनिक कब्जे में ले ली गई. कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में नियमानुसार डुगडुगी पिटवाकर कुर्की की प्रक्रिया पूरी की गई. फिलहाल केसी राय अंबेडकरनगर जेल में निरुद्ध है.

16 मुकदमे दर्ज, जांच में सामने आई अवैध कमाई की कहानी

पुलिस के अनुसार, बरदह थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर फेटी गांव निवासी कृष्णचंद्र राय उर्फ केसी राय के खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह हिस्ट्रीशीटर भी है. नगर कोतवाली में दर्ज एक मामले की विवेचना के दौरान जांच में पता चला कि उसने ठगी, फर्जी खतौनी तैयार करने, जमीन से जुड़े धोखाधड़ी के मामलों और गैंगस्टर गतिविधियों से अर्जित धन के जरिए वर्ष 2012 से अजमतपुर कोडर क्षेत्र में जमीन खरीदकर आलीशान बहुमंजिला भवन तैयार कराया. बाद में इस भवन का विस्तार और नवीनीकरण भी कथित तौर पर अवैध कमाई से कराया गया.

अपराधियों का ठिकाना बना था भवन

विवेचना में यह भी सामने आया कि यह भवन गैंग के सदस्यों के जमावड़े और आपराधिक गतिविधियों की योजना बनाने का प्रमुख ठिकाना बन गया था. राजस्व विभाग और लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए गए मूल्यांकन में संपत्ति की अनुमानित बाजार कीमत करीब 10 करोड़ रुपये आंकी गई. जांच के आधार पर न्यायालय ने माना कि भवन निर्माण के लिए कोई वैध आय का स्रोत नहीं मिला और संपत्ति अपराध से अर्जित धन से बनाई गई है. इसके बाद कुर्की का आदेश जारी किया गया.

कोर्ट के आदेश पर हुई संयुक्त कार्रवाई

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सत्यबीर सिंह के आदेश के अनुपालन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, विवेचक रफी आलम, नगर कोतवाली पुलिस, राजस्व विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने पूरी कार्रवाई की. कुर्क की गई संपत्ति को तहसील प्रशासन के सुपुर्द कर दिया गया है.

जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आगे भी जारी रहेगा अभियान

पुलिस का कहना है कि प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत संगठित अपराध, भूमाफियाओं और गैंगस्टरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान कर भविष्य में भी इसी तरह कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Input: Komal Agarwal

Must Read: खूनी बदला, पहले पत्नी की नाक काटी, फिर बेटी के दर्द पर मां ने उठाया खौफनाक कदम


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Radheshyam Kushwaha

पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. ज्योतिष शास्त्र, व्रत त्योहार, राशिफल के आलावा राजनीति, अपराध और पॉजिटिव खबरों को लिखने में रुचि हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >