D.Pharm Counselling 2026: डीफार्मा में दाखिले का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर है. डिप्लोमा इन फार्मेसी (डीफार्मा) के शैक्षिक सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग की प्रक्रिया 25 सितंबर से शुरू होने जा रही है. संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद ने जेईईसीयूपी-2026 की मेरिट और रैंक के आधार पर काउंसलिंग का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है. ऐसे में अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन से लेकर विकल्प भरने, सीट आवंटन, फीस जमा करने और दस्तावेज सत्यापन तक की तारीखों का खास ध्यान रखना होगा.
25 सितंबर से शुरू होगा पहला राउंड
काउंसलिंग के पहले चरण में कुल तीन राउंड होंगे. पहले राउंड में 25 से 27 सितंबर तक अभ्यर्थी अपने विकल्प भर सकेंगे. इसके बाद 28 सितंबर को सीट आवंटन किया जाएगा. सीट मिलने के बाद 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक ऑनलाइन फ्रीज या फ्लोट विकल्प चुनने के साथ सिक्योरिटी और काउंसिलिंग फीस जमा करनी होगी. फ्रीज करने वाले अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन जिला हेल्प सेंटर पर 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक होगा.
दूसरे राउंड में 3 अक्टूबर से भरेंगे विकल्प
दूसरे राउंड में अभ्यर्थियों को 3 और 4 अक्टूबर को विकल्प भरने का मौका मिलेगा. इसके बाद 5 अक्टूबर को सीट आवंटन होगा. फीस जमा करने और फ्रीज-फ्लोट की प्रक्रिया 6 से 8 अक्टूबर तक चलेगी. इस चरण में भी दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
तीसरे राउंड का शेड्यूल भी जारी
तीसरे राउंड में विकल्प भरने की प्रक्रिया 9 से 11 अक्टूबर तक होगी. 12 अक्टूबर को सीट आवंटित की जाएगी. इसके बाद 13 से 15 अक्टूबर तक फीस जमा करने और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होगी. पहले से तीसरे राउंड तक आवंटित सीट वापस लेने की सुविधा 29 सितंबर से 15 अक्टूबर तक रहेगी. वहीं, संस्थान में रिपोर्टिंग 14 और 15 अक्टूबर को करनी होगी.
15 अक्टूबर से शुरू होंगी कक्षाएं
डीफार्मा की कक्षाएं 15 अक्टूबर से शुरू होंगी. यानी जिन अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरुआती राउंड में हो जाएगा, उन्हें इस तारीख से संस्थान में पढ़ाई शुरू करनी होगी.
प्रवेश से छूट गए तो चौथे राउंड में मिलेगा मौका
जो अभ्यर्थी पहले तीन राउंड में प्रवेश नहीं ले पाएंगे, उनके लिए भी काउंसलिंग का रास्ता खुला रहेगा. चौथे राउंड में 17 से 20 अक्टूबर तक विकल्प भरने की प्रक्रिया होगी. इसके बाद पांचवें राउंड में 25 और 26 अक्टूबर को विकल्प भरे जाएंगे. 27 अक्टूबर को सीट आवंटन होगा, जबकि 28 से 30 अक्टूबर तक फीस जमा करने और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
30 अक्टूबर तक पूरी होगी रिपोर्टिंग
चौथे और पांचवें राउंड में आवंटित सीट वापस लेने की अवधि 22 से 30 अक्टूबर तक निर्धारित की गई है. वहीं, संस्थान में रिपोर्टिंग की अंतिम तारीख 30 अक्टूबर है.
जेईईसीयूपी पोर्टल पर देखें पूरा कार्यक्रम
संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद ने डीफार्मा काउंसलिंग का पूरा कार्यक्रम अपने पोर्टल पर उपलब्ध कराया है. अभ्यर्थियों को सलाह है कि काउंसलिंग में शामिल होने से पहले संबंधित तारीखों और प्रक्रिया को ध्यान से देख लें, ताकि विकल्प भरने, फीस जमा करने या दस्तावेज सत्यापन में कोई परेशानी न हो.
Also Read:बारिश पर ब्रेक या फिर बरसेंगे बादल? IMD के ताजा अपडेट से समझिए अगले दिनों का हाल
