UP Crime News: झांसी में विदेश में रह रहे एक एनआरआई के बंद घर में चोरी करने वाले दो आरोपियों तक पुलिस आखिरकार पहुंच गई. गुरुवार देर रात बबीना थाना पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके पर ही आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी और डायमंड के आभूषण, नकदी, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं.
पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई
सीओ सदर प्रिया सिंह ने बताया कि गुरुवार रात करीब 1:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि चोरी के मामले में वांछित दो आरोपी गोपालपुरा रोड स्थित खैलार नहर के पास मौजूद हैं. सूचना मिलते ही पुलिस और एसओजी टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी. खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में राजस्थान के धौलपुर जिले के भासनीपुर निवासी कदीर खान (51) के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी रियासत (50) निवासी उरई, जिला जालौन ने हथियार डाल दिए.
चोरी के जेवर, नकदी और हथियार बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी और डायमंड के आभूषण, 3,350 रुपये नकद, 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं. घायल आरोपी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.
बहरीन में नौकरी करता है मकान मालिक
पुलिस के अनुसार, बबीना थाना क्षेत्र की शिव कॉलोनी निवासी अशोक कुमार वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके रिश्तेदार बी.के. रतनम बहरीन में नौकरी करते हैं और उनका मकान लंबे समय से बंद था. अशोक घर की देखरेख करते थे. 2 जुलाई को सफाई के लिए पहुंची नौकरानी ने मुख्य गेट का ताला टूटा देखा. अंदर जाकर पता चला कि अलमारी का सामान बिखरा पड़ा है और उसमें रखे गहने तथा 10 हजार रुपये चोरी हो चुके हैं. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी.
योजना बनाकर की थी चोरी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने पहले बंद मकान की रेकी की थी और उसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया. इसके बाद से पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी थी. गुरुवार रात मिली सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Must Read- रेलवे ट्रैक पर मिला रिटायर्ड CRPF जवान का शव, सुबह साइकिल लेकर निकले थे, ट्रेन की चपेट में आए
