इस खास काम के लिए अयोध्या के राम मंदिर आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, 19 मार्च को है कार्यक्रम

Droupadi Murmu Ayodhya Visit : 19 मार्च को राम मंदिर में राष्ट्रपति श्रीराम यंत्र की स्थापना करेंगी. राम मंदिर के द्वितीय तल (दूसरी मंजिल) पर श्रीराम यंत्र की स्थापना होगी. लगभग सात हजार लोगों को आमंत्रित किया गया है. श्रीराम यंत्र दो साल पहले अयोध्या पहुंचा था.

Droupadi Murmu Ayodhya Visit : अयोध्या की रामनगरी में एक बार फिर बड़ा धार्मिक आयोजन होने जा रहा है. इस कार्यक्रम में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगी. यह आयोजन चैत्र नवरात्र के पहले दिन यानी वर्ष प्रतिपदा के मौके पर होगा, जिसे हिंदू नववर्ष की शुरुआत माना जाता है. कार्यक्रम को खास और भव्य बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पूरी तैयारी कर ली है.

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चम्पत राय ने बताया कि श्रीराम यंत्र दो साल पहले जगद्गुरु शंकराचार्य विजयेंद्र सरस्वती महाराज द्वारा शोभायात्रा के माध्यम से अयोध्या भेजा गया था. वैदिक गणित और ज्यामितीय आकृतियों पर आधारित यह यंत्र देवताओं का निवास माना जाता है, जो सकारात्मक ऊर्जा (पॉजिटिव एनर्जी) आकर्षित करने की क्षमता रखता है. वर्तमान में इस यंत्र की राजा राम के समक्ष नियमित पूजा-अर्चना चल रही है. 19 मार्च तक यह यंत्र श्रीराम मंदिर के दूसरे तल पर पहुंच जाएगा. नौ दिवसीय वैदिक अनुष्ठान पहले से ही शुरू हो चुके हैं. इनमें दक्षिण भारत, काशी और अयोध्या के विद्वान आचार्य शामिल हैं.

सुबह 11 बजे के बाद पहुंचेगी राष्ट्रपति

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 19 मार्च को सुबह करीब 11 बजे अयोध्या पहुंचेंगी. राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनका स्वागत करेंगे. राष्ट्रपति श्रीराम मंदिर परिसर में प्रवेश कर श्रीराम यंत्र की पूजा-अर्चना करेंगी. अभिजित मुहूर्त में ठीक 11:55 बजे यंत्र की स्थापना का मुख्य अनुष्ठान संपन्न होगा. राष्ट्रपति मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच इस पवित्र कार्य में भाग लेंगी. पूजन के बाद राष्ट्रपति प्रसाद ग्रहण करेंगी और भोजन के पश्चात वापस रवाना होंगी.

यह भी पढ़ें : भव्यता की मिसाल बना राम मंदिर, 50 करोड़ रुपए का लगा इतना सोना

मंदिर की सजावट पर दिया जा रहा विशेष ध्यान

योगी आदित्यनाथ की सरकार इस कार्यक्रम को भव्य बनाने की पूरी तैयारी कर रही है. अयोध्या में मंदिर परिसर की साफ-सफाई, सजावट और सुरक्षा व्यवस्था पर खास ध्यान दिया जा रहा है. यह आयोजन सिर्फ धार्मिक कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण में योगदान देने वाले हजारों कार्यकर्ताओं को सम्मान देने का भी मौका होगा. माना जा रहा है कि अयोध्या में होने वाला यह कार्यक्रम पूरे देश के लिए आस्था और गर्व का पल बनेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >