UPITS News: ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के लिए सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को व्यापक बनाया जा रहा है. आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 500 से ज्यादा बसें चलाने की तैयारी है. ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण लगभग 350 बसों की व्यवस्था पहले ही कर चुका है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बसों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए हैं. यूपी रोडवेज और दिल्ली सरकार के अधिकारियों के बीच अतिरिक्त बसों को लेकर बातचीत लगातार जारी है.
DTC की 100 ई-बसें बनेंगी शटल सेवा का हिस्सा
दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन ने आयोजन के दौरान 100 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने पर सहमति जताई है. इन बसों को शटल सेवा के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे यात्रियों को एक्सपो मार्ट तक पहुंचने और वापस लौटने में सुविधा मिलेगी। बसों का संचालन विभिन्न प्रमुख स्थानों से किया जाएगा. इन सेवाओं का खर्च ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण वहन करेगा और डीटीसी को निर्धारित भुगतान किया जाएगा. अधिकारियों के अनुसार जरूरत बढ़ने पर अतिरिक्त बसें उपलब्ध कराने को लेकर भी चर्चा जारी है.
गाजियाबाद से आएंगी 30 इलेक्ट्रिक बसें
यूपी रोडवेज ने आयोजन के लिए गाजियाबाद से 30 इलेक्ट्रिक बसें ग्रेटर नोएडा स्थानांतरित करने का प्रस्ताव दिया है. इन बसों के शामिल होने से एक्सपो मार्ट तक सार्वजनिक परिवहन की आवृत्ति बढ़ने की उम्मीद है. अधिकारियों के मुताबिक सभी स्थानांतरित बसों को ग्रेटर नोएडा में ही चार्ज किया जाएगा. इसके लिए नालेज पार्क स्थित नासा पार्किंग के पास बने तीन चार्जिंग स्टेशनों की क्षमता बढ़ाई जा रही है. इससे आयोजन के दौरान बस संचालन में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी.
कासना डिपो में सात चार्जिंग स्टेशन होंगे सक्रिय
कासना डिपो में सात चार्जिंग स्टेशन पूरी क्षमता के साथ संचालित किए जाएंगे. इसके अलावा शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में इलेक्ट्रिक बसों के लिए नए चार्जिंग स्टेशन तैयार किए जा रहे हैं. प्राधिकरण ने एनपीसीएल को निर्माण और जरूरी काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों का मानना है कि मजबूत चार्जिंग नेटवर्क से ई-बसों का संचालन सुचारु रहेगा. ट्रेड शो में देश-विदेश से आने वाले लोगों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए परिवहन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
