UP News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का दौर लगातार तेज होता जा रहा है. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. गाजीपुर में मंदिर के पुजारी और उनके चार वर्षीय बेटे पर हुए हमले का जिक्र करते हुए राजभर ने सपा पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि ऐसी घटनाएं पार्टी के दोहरे चरित्र को उजागर करती हैं.
‘ब्राह्मण सम्मान की बात, लेकिन ब्राह्मणों पर हमला’
ओपी राजभर ने अपने बयान में कहा कि अखिलेश यादव एक ओर ब्राह्मण सम्मान और ब्राह्मण सम्मेलन की बात करते हैं, जबकि दूसरी ओर उनके समर्थकों पर ब्राह्मणों के साथ हिंसा करने का आरोप लग रहा है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "वाह अखिलेश यादव जी, गजब का दोहरा चरित्र है आपका. एक तरफ ब्राह्मण सम्मान और सम्मेलन का ढोंग करते हैं, दूसरी तरफ ब्राह्मणों के साथ ‘PDA यानी पीट देगा अहीर’ करवाते हैं."
गाजीपुर की घटना का किया जिक्र
राजभर ने कहा कि गाजीपुर के बाबा गंगेश्वरनाथ मंदिर के पुजारी और उनके चार साल के बेटे के साथ हुई मारपीट बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने आरोप लगाया कि पुजारी के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और उनके मासूम बेटे पर भी फावड़े से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया गया. राजभर ने इस घटना को कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द के लिए गंभीर बताया.
‘अपने गुंडों को समझाइए’
सुभासपा प्रमुख ने अखिलेश यादव को सलाह देते हुए कहा कि वे अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को नियंत्रित करें. उन्होंने कहा, "समझाइए अपने गुंडों को. यह सलाह इसलिए दे रहा हूं ताकि चुनाव में हमें एक मजबूत विपक्ष मिल सके. अगर आपके लोग ऐसे ही गुंडागर्दी करते रहे तो जो 25-30 सीटें जीतने की उम्मीद लगाए बैठे हैं, वह भी पूरी नहीं होगी."
राजनीतिक बयान के साथ किया समापन
अपने बयान के अंत में ओपी राजभर ने "जय भारत, जय श्री राम, जय श्री कृष्ण और जय महाराजा सुहेलदेव" के नारों के साथ अपनी बात समाप्त की. उनके इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज होने की संभावना है.
Also Read: सपा सांसद अफजाल अंसारी के ख़िलाफ़ फिर दर्ज हुआ मुकदमा, जानें किस मामले में
