UP News: सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट से जुड़े लगभग 17.29 करोड़ रुपये के जाली नोटों के मामले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की कार्रवाई अब पड़ोसी राज्य उत्तराखंड तक पहुंच गई है. शनिवार शाम को जांच एजेंसी की एक विशेष टीम ने हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में अचानक छापेमारी की. इस दौरान गंगनहर कोतवाली पुलिस के सहयोग से प्रीत विहार कॉलोनी में कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया.
बैंकिंग व्यवस्था पर उठे सवाल, कई अंतरराज्यीय संदिग्धों की तलाश जारी
यह पूरा मामला सहारनपुर स्थित पीएनबी की सोफिया मार्केट शाखा की करेंसी चेस्ट से सामने आया था, जहां भारी मात्रा में नकली नोट जमा पाए गए थे. इस गंभीर फर्जीवाड़े के सामने आने के बाद मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी को सौंप दी गई. पूर्व में की गई कार्रवाई के तहत जगाधरी करेंसी चेस्ट के प्रबंधक को भी पकड़ा जा चुका है. अब एजेंसी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में फैले इस गिरोह के अंतरराज्यीय नेटवर्क को खंगालने में जुटी है.
सीमावर्ती क्षेत्रों में भी बढ़ेगा जांच का दायरा, वित्तीय सुरक्षा को लेकर एजेंसियां सतर्क
वित्तीय नेटवर्क को निशाना बनाकर चलाए जा रहे इस गिरोह के तार अन्य पड़ोसी राज्यों से भी जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है. राष्ट्रीय जांच एजेंसी अब गिरोह के मुख्य सरगनाओं, प्रिंटिंग सोर्स और इस नकली करेंसी को मार्केट में खपाने वाले अन्य स्थानीय नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश में है. आने वाले दिनों में जांच एजेंसी की ओर से कुछ और संदिग्ध ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा सकती है.
Must Read: त्योहार के सीजन में यात्रियों को राहत: उत्तर मध्य रेलवे ने शुरू कीं 5 नई स्पेशल ट्रेनें
