UP Crime: मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के सफीपुर पट्टी इलाके में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने अपने ससुर के गुप्तांग पर ब्लेड से हमला कर दिया. हमले में 67 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस के अनुसार, घायल व्यक्ति को पहले स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
बहू ने लगाए छेड़छाड़ के आरोप
घटना के बाद महिला ने अपने ससुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला का कहना है कि उसका ससुर आए दिन उसके साथ गलत व्यवहार और छेड़छाड़ करता था. शुक्रवार को भी कथित तौर पर उसने महिला के साथ छेड़छाड़ की, जिसका विरोध करने पर भी वह नहीं रुका. इसके बाद गुस्से में आकर महिला ने ब्लेड से हमला कर दिया. महिला की उम्र करीब 23 वर्ष बताई जा रही है. उसके दो छोटे बच्चे हैं. उसका पति हरियाणा में रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है. पति के बाहर रहने के कारण महिला अपने बच्चों और ससुर के साथ रहती थी.
पड़ोसियों ने भी कही छेड़छाड़ की बात
स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला पहले भी ससुर के व्यवहार को लेकर शिकायत करती रही थी. पड़ोसियों का कहना है कि महिला ने कई बार ससुर पर गलत हरकतों का आरोप लगाया था.
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया है. पुलिस क्षेत्राधिकारी गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि अभी तक मामले में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है. तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: BJP वाले कफन लेकर आए हैं 'सोनम वांगचुक के समर्थन में डिंपल यादव का तीखा वार
