UP Crime News: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने इंसानियत और ममता दोनों को झकझोर कर रख दिया। छह माह के मासूम समीर की हत्या के आरोप में गिरफ्तार शबाना और उसके प्रेमी विशाल को जेल भेज दिया गया है। आरोप है कि दोनों ने प्रेम संबंध में बाधा बन रहे मासूम को रास्ते से हटाने के लिए उसे नाले में फेंक दिया। अब जेल पहुंचने के बाद भी शबाना अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही।
रातभर नहीं आई नींद, प्रेमी के साथ रहने की करती रही मांग
मेरठ जेल में पहली रात शबाना बेचैन रही। जेल प्रशासन के अनुसार, वह पूरी रात करवटें बदलती रही और बार-बार पुलिसकर्मियों से प्रेमी विशाल के साथ एक ही बैरक में रखने की मांग करती रही। हालांकि जेल प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया कि ऐसा कोई नियम नहीं है, इसलिए दोनों को साथ नहीं रखा जा सकता। वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि शबाना की मांग को नियमों के तहत तत्काल खारिज कर दिया गया।
इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, फिर शुरू हुआ प्रेम संबंध
पुलिस जांच में सामने आया कि सहारनपुर के दौलतपुर छन्नो गांव निवासी शबाना की कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम पर हापुड़ निवासी विशाल से दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। इसी रिश्ते के चलते शबाना अपने पति इमरान और छह माह के बेटे समीर को छोड़कर विशाल के साथ नई जिंदगी बसाना चाहती थी।
12 जुलाई को बेटे को लेकर निकली, फिर नहीं लौटी
इमरान के मुताबिक, 12 जुलाई को शबाना बेटे समीर को दवाई दिलाने के बहाने गंगोह गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी दोनों का पता नहीं चला। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। 26 जुलाई को शबाना हापुड़ के मुदाफरा गांव स्थित विशाल के घर से मिली, लेकिन समीर उसके साथ नहीं था। जब परिवार ने बच्चे के बारे में पूछा तो पहले उसने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
सोहराब गेट बस स्टैंड से शुरू हुई साजिश
पूछताछ में शबाना ने बताया कि घटना वाले दिन विशाल ने उसे मेरठ के सोहराब गेट बस स्टैंड बुलाया था। वहां उसने कहा कि वह बच्चे को अपने घर नहीं ले जा सकता और उसे किसी दोस्त के पास छोड़ देगा। शबाना ने बिना विरोध किए बच्चे को विशाल के हवाले कर दिया। करीब पांच मिनट बाद विशाल लौट आया और कहा कि उसने बच्चे को दोस्त के पास छोड़ दिया है। इसके बाद वह शबाना को अपने साथ हापुड़ ले गया।
खुले नाले में मिला मासूम का शव
13 जुलाई को मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र की पंचशील कॉलोनी के खुले नाले में एक छह माह के बच्चे का शव मिला था। बाद में फोटो और जांच के आधार पर उसकी पहचान समीर के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि विशाल ने ही बच्चे को नाले के पास छोड़ दिया था, जहां वह नाले में गिर गया और उसकी मौत हो गई।
आरोपी का दावा- नाले के किनारे छोड़ा था बच्चा
पूछताछ के दौरान विशाल ने दावा किया कि उसने समीर को नाले में नहीं फेंका, बल्कि सोते हुए नाले के किनारे रखा था। उसका कहना है कि उसे नहीं पता कि बच्चा नाले में कैसे गिर गया। हालांकि पुलिस इस दावे की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस हिरासत में शबाना ने क्या कहा?
पुलिस हिरासत में जब शबाना से पूछा गया कि क्या उसे अपने किए पर पछतावा है, तो उसने सिर हिलाकर 'हां' कहा। लेकिन जब उससे पूछा गया कि बेटे पर तरस क्यों नहीं आया, तो उसका जवाब था कि अगर वह बेटे को नहीं चाहती, तो उसे अपने साथ लेकर ही क्यों आती। उसके इस बयान ने जांच अधिकारियों को भी हैरान कर दिया।
जल्द दाखिल होगी चार्जशीट
मेरठ के पुलिस अधीक्षक (सिटी) विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि मामले से जुड़े सभी अहम साक्ष्य पुलिस के पास सुरक्षित हैं। आरोपी शबाना और विशाल को जेल भेज दिया गया है तथा जल्द ही अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
परिजनों को नहीं थी इंस्टाग्राम वाले रिश्ते की जानकारी
शबाना के पति इमरान का कहना है कि उसे पत्नी के इंस्टाग्राम चलाने या विशाल से संबंध होने की कोई जानकारी नहीं थी। जब पुलिस की मदद से वह शबाना को हापुड़ से वापस लाया, तब भी उसने बेटे की हत्या की सच्चाई छिपाकर रखी थी। बाद में पुलिस जांच और पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हुआ, जिसने सभी को स्तब्ध कर दिया।
