UP Crime News: मथुरा में चलती पैसेंजर ट्रेन के भीतर मामूली विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया. फुटरेस्ट पर बैठने को लेकर हुई कहासुनी के बाद एक युवक ट्रेन से नीचे जा गिरा. गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान हाथरस निवासी 22 वर्षीय जतिन के रूप में हुई है. पुलिस ने मामले में गजेंद्र नाम के युवक को गिरफ्तार किया है.
फुटरेस्ट पर बैठने को लेकर हुआ विवाद
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार घटना शनिवार को मथुरा के राया रेलवे स्टेशन के पास हुई. जतिन अपने परिवार के साथ हाथरस स्टेशन से कासगंज-मथुरा पैसेंजर ट्रेन में सफर कर रहा था. ट्रेन राया स्टेशन के पास पहुंची, तभी फुटरेस्ट पर बैठने को लेकर उसकी गजेंद्र से कहासुनी हो गई.
विवाद बढ़ा तो चलती ट्रेन से गिरा युवक
पुलिस के मुताबिक, कहासुनी के दौरान गजेंद्र ने कथित तौर पर जतिन को धक्का दे दिया. धक्का लगने के बाद जतिन चलती ट्रेन से नीचे गिर गया. उसे गंभीर चोटें आईं. इलाज से पहले ही उसकी मौत हो गई.
आरोपी गिरफ्तार, BNS में केस दर्ज
घटना की जानकारी मिलते ही सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) ने जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपी गजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में GRP मथुरा थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया गया है.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
पुलिस ने जतिन के शव का पोस्टमार्टम कराया. इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस अब मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.
Also Read: मिट्टी का घर बना कब्र, मलबे में दबा परिवार... पुलिस एक घंटे लेट, क्या बच सकती थीं 3 जिंदगियां?
