UP News: महोबा में एक खौफनाक वारदात ने पूरे गांव को दहला दिया. उम्रकैद की सजा काट रहा एक कैदी पैरोल पर घर आया था. लेकिन कुछ ही घंटों में वही घर खून से सन गया. पत्नी के खिलाफ उसके मन में पनपा शक इतना गहरा हुआ कि उसने त्रिशूल उठाकर ताबड़तोड़ वार कर दिए. पत्नी की मौके पर मौत हो गई. हैरानी की बात यह रही कि हत्या के बाद भी आरोपी भागा नहीं. करीब तीन घंटे तक वह पत्नी के शव के पास बैठा रहा.
हत्या के बाद तीन घंटे तक शव के पास बैठा रहा
पत्नी की हत्या करने के बाद कल्लन करीब तीन घंटे तक शव के पास बैठा रहा. सुबह उसने खुद परिजनों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह और कुलपहाड़ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया.
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की. मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए. पुलिस के अनुसार, आरोपी को पत्नी पर शक था कि वह उसके खाने में कोई जहरीला या नशीला पदार्थ मिला रही है. इसी शक और मानसिक वहम के चलते उसने त्रिशूल से हमला कर दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
मासूम नातिन की हत्या में हुई थी उम्रकैद
कल्लन रैकवार का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है. वह मध्य प्रदेश की सतना जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा था. वर्ष 2014 में मध्य प्रदेश के नौगांव में उसने अपनी 10 महीने की नातिन की पत्थर से पटककर हत्या कर दी थी. इस मामले में वर्ष 2017 में उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी. वह हर तीन महीने में पैरोल पर अपने घर आता था.
