UP News: राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला मायके से अचानक लापता हो गई. तलाश के बाद पुलिस ने उसे उसके प्रेमी के साथ बरामद किया. थाने में महिला ने अपने पति के साथ ससुराल जाने से इनकार कर दिया और प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई. इसके बाद पीआरडी जवान पति ने पत्नी की इच्छा का सम्मान करते हुए स्थानीय मंदिर में उसके प्रेमी के साथ उसकी शादी करा दी.
एक साल पहले हुई थी शादी, मायके से चली गई महिला
जानकारी के मुताबिक, पीआरडी जवान की शादी करीब एक साल पहले हुई थी. शादी के बाद कुछ समय तक सब ठीक रहा. कुछ दिन पहले उसकी पत्नी मायके गई थी. इसी दौरान वह अचानक बिना बताए कहीं चली गई. महिला के घर नहीं लौटने पर पति और उसके परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. इसके बाद परिवार की ओर से मलिहाबाद थाने में महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई.
पुलिस ने प्रेमी के साथ महिला को बरामद किया
गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने महिला की तलाश शुरू की. जांच के दौरान बुधवार को पुलिस ने महिला को उसके प्रेमी के साथ बरामद कर लिया. इसके बाद दोनों को थाने लाया गया और उनके परिजनों को भी सूचना दी गई. थाने में परिजनों ने महिला को समझाने की कोशिश की और उससे वापस अपने ससुराल जाने के लिए कहा. हालांकि, महिला ने अपने पति के साथ जाने से इनकार कर दिया. उसने साफ तौर पर कहा कि वह अपने प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है.
पति ने पत्नी की इच्छा का किया सम्मान
पत्नी के फैसले के बाद पीआरडी जवान ने उसकी इच्छा का सम्मान करने का फैसला लिया. गुरुवार को सभी की रजामंदी से स्थानीय मंदिर में महिला और उसके प्रेमी की शादी करा दी गई. मंदिर में दोनों ने एक-दूसरे को माला पहनाई और सात फेरे लिए. शादी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद महिला को उसके प्रेमी के साथ विदा कर दिया गया. वहीं, पीआरडी जवान भी अपने घर लौट गया. पत्नी की इच्छा का सम्मान करते हुए उसके इस फैसले की इलाके में चर्चा हो रही है और लोग जवान के रवैये की सराहना कर रहे हैं.
Also Read: बाथरूम में आखिर किसका था वो कैमरा ऑन मोबाइल? छात्राओं की नजर पड़ी तो उठे गंभीर सवाल, वार्डन पर केस
