UP News: जापान का एक उच्चस्तरीय 240 सदस्यीय निवेशक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार दोपहर आगरा पहुंच रहा है, जिसकी अगवानी प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह करेंगे. पहले से तय कार्यक्रम में बड़ा बदलाव करते हुए आगरा में होने वाली महत्वपूर्ण राउंड टेबल मीटिंग को रद्द कर दिया गया है. जिलाधिकारी मनीष बंसल ने पुष्टि की है कि अब यह बैठक लखनऊ में आयोजित की जाएगी. आगरा में जापानी दल फतेहाबाद रोड स्थित होटल में दोपहर के भोजन के उपरांत केवल ताजमहल का दीदार करेगा.
उत्तर प्रदेश में निवेश और औद्योगिक सहयोग पर मंथन
यामानाशी प्रीफेक्चर के गवर्नर के नेतृत्व में भारत आए इस दल में जापान की प्रतिष्ठित कंपनियों के कई शीर्ष कार्यकारी अधिकारी शामिल हैं. 21 अगस्त को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ विशेष बिजनेस प्रोग्राम आयोजित होगा. इसमें पर्यटन, प्रौद्योगिकी और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने पर विस्तृत चर्चा होगी. एक ज़िला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत आगरा के प्रसिद्ध चमड़ा और पेठा उद्योग को अंतर्राष्ट्रीय बाज़ार तथा जापानी तकनीक का सहयोग मिलने की संभावना है.
वीवीआईपी डेलिगेशन की सुरक्षा और यात्रा की तैयारियां
भारतीय दौरे के तहत दिल्ली पहुंचे इस प्रतिनिधिमंडल की सुरक्षा और सुविधा हेतु स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. पुलिस, जिला प्रशासन तथा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने संयुक्त रूप से गोल्फ कार्ट, मार्ग यातायात, गाइड और सुरक्षा प्रोटोकॉल की पुख्ता व्यवस्थाएं की हैं. आगरा में भ्रमण पूर्ण करने के तुरंत पश्चात यह दल लखनऊ के लिए प्रस्थान कर जाएगा. प्रदेश सरकार को इस महत्वपूर्ण यात्रा से राज्य में भारी विदेशी निवेश तथा नए औद्योगिक अवसरों के सृजन की पूरी उम्मीद है.
गलगोटिया यूनिवर्सिटी पहुंचा जापानी डेलिगेशन
ग्रेटर नोएडा स्थित गलगोटिया यूनिवर्सिटी में जापानी डेलिगेशन का भव्य आगमन हुआ. एमनासी गवर्नर कतारो नागासाकी की अध्यक्षता में पहुंचे इस उच्चस्तरीय दल में जापान की लगभग 200 कंपनियों के CEO शामिल रहे. दौरे के दौरान डेलिगेशन ने यूनिवर्सिटी के विश्वस्तरीय एजुकेशन सिस्टम का अवलोकन किया. इस ऐतिहासिक अवसर पर ग्रीन हाइड्रोजन और एजुकेशन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण MOU साइन किए गए. इस साझेदारी से आने वाले समय में हरित ऊर्जा और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अनुसंधान तथा रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे.
