CM योगी का अखिलेश यादव पर तंज, बोले- 12 बजे उठने वालों से प्रदेश नहीं चलेगा

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मैनपुरी में विपक्ष पर जोरदार हमला बोला है. उन्होंने बिना नाम लिए अखिलेश यादव की कार्यशैली पर तंज कसते हुए कहा कि 12 बजे उठने वाले प्रदेश का विकास कैसे कर सकते हैं. योगी ने जनता से जाति और क्षेत्र के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश करने वाले नेताओं से सावधान रहने की अपील की.

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मैनपुरी में आयोजित एक विशाल जनसभा के दौरान समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर बिना नाम लिए तीखा हमला बोला. करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद मुख्यमंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव के समय कुछ लोग फिर आपके बीच आएंगे और प्रदेश को दोबारा "कालरात्रि" की ओर ले जाने की कोशिश करेंगे. उन्होंने लोगों से ऐसे नेताओं से सावधान रहने की अपील की.

'जाति और क्षेत्र के नाम पर समाज को बांटेंगे'

जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चुनाव के दौरान कुछ लोग जनता को जाति, क्षेत्र और समाज के नाम पर बांटने की कोशिश करेंगे. उन्होंने कहा कि यही वे लोग हैं जिन्होंने पहले प्रदेश की पहचान पर संकट खड़ा किया था. सीएम योगी ने कहा कि जो लोग समाज को बांटने की राजनीति करते हैं, वे कभी किसी के हितैषी नहीं हो सकते. उनके मुताबिक ऐसे लोग समाज और देश दोनों के लिए नुकसानदायक साबित होते हैं. उन्होंने जनता से अपील की कि विकास और सुशासन के रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए ऐसे लोगों से सतर्क रहना जरूरी है.

'12 बजे सोकर उठेगा तो विकास कैसे करेगा?'

मुख्यमंत्री ने बिना किसी का नाम लिए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की दिनचर्या पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश के विकास के लिए कोई स्पष्ट सोच या विजन नहीं था. योगी ने कहा, "जो व्यक्ति 12 बजे सोकर उठेगा, दो बजे तक तैयार होगा, शाम पांच बजे जिम जाएगा और सात बजे के बाद अपनी महफिल सजाएगा... ऐसे व्यक्ति से प्रदेश के विकास की क्या उम्मीद की जा सकती है?" उन्होंने आगे कहा कि ऐसे लोगों का तो भगवान ही मालिक है. न उन्हें जनता से संवाद करने में रुचि है, न लोगों की समस्याएं सुनने में और न ही प्रदेश के विकास की चिंता है. उनका उद्देश्य केवल अपने परिवार को मजबूत करना और सत्ता का लाभ उठाना रहा.

परिवारवाद को लेकर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले की सरकार में महापुरुषों का सम्मान नहीं किया जाता था. उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार सरदार वल्लभभाई पटेल, अहिल्याबाई होल्कर और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर जैसे महान व्यक्तित्वों के नाम पर संस्थान बना रही है, जबकि पिछली सरकार ने कन्नौज में बाबा साहेब के नाम पर बने मेडिकल कॉलेज का नाम तक बदल दिया था. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की राजनीति केवल परिवार तक सीमित रही, जबकि उनकी सरकार पूरे प्रदेश के विकास के लिए काम कर रही है.

कानून व्यवस्था और नौकरियों का भी किया जिक्र

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में न कर्फ्यू का माहौल है और न ही दंगों का डर. उन्होंने मंच से कहा, "आज यूपी में सब चंगा है." सीएम योगी ने कहा कि पहले सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार और वसूली की शिकायतें आती थीं, लेकिन अब प्रदेश के युवाओं को बिना किसी सिफारिश और बिना रिश्वत के सरकारी नौकरियां मिल रही हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश का नौजवान आज पूरी ईमानदारी और गर्व के साथ विकास की मुख्यधारा में शामिल होकर उत्तर प्रदेश को आगे बढ़ाने का काम कर रहा है.

Also Read: जंतर-मंतर जा रहे छात्रों से मारपीट का Video वायरल, कौन है खुद को 'हिंदू वीर सेना' का अध्यक्ष बताने वाला सत्यम पंडित?


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Lucky Kumari

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >