Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ महंगे शौक और अपनी बेजा मांगों को पूरा कराने के लिए एक युवक ने अपनी ही बुजुर्ग दादी और बुआ पर जुल्म ढाए. हाल ही में परिजनों द्वारा नई बाइक दिलाए जाने के बावजूद युवक का मन नहीं भरा और वह अब महंगे iPhone तथा 3 लाख रुपये नकद की जिद पर अड़ा था. मांग पूरी न होने पर उसने तैश में आकर परिजनों के साथ बुरी तरह मारपीट की, जिसकी दर्दनाक आपबीती का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
बाइक मिलने के बाद अब iPhone और 3 लाख की मांग
जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक की महंगे सामान और शौक को लेकर परिवार से मांग चल रही थी. हाल ही में उसकी जिद पूरी करते हुए परिजनों ने उसे नई बाइक खरीदकर दी थी. इसके बाद भी उसकी मांगें खत्म नहीं हुईं. युवक अब परिवार से महंगा iPhone और 3 लाख रुपये नकद मांग रहा था. दादी और बुआ ने उसकी मांग पूरी करने से इनकार किया तो वह गुस्से में आ गया और दोनों के साथ मारपीट कर दी.
रोते हुए बुजुर्ग महिला ने बताई पूरी आपबीती
मारपीट की घटना के बाद पीड़ित बुजुर्ग महिला का वीडियो सामने आया है. वीडियो में वह रोते हुए अपने साथ हुई घटना के बारे में बता रही हैं. उनका कहना है कि पोते ने मोबाइल और पैसों की मांग को लेकर उनके साथ अत्याचार किया. पीड़ित परिवार ने पुलिस-प्रशासन से मामले में न्याय की मांग की है. साथ ही आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है.
पुलिस बोली- जांच के बाद आरोपी पर होगी कार्रवाई
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि वायरल वीडियो और मिली शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Must Read- करघे पर तैयार हुआ पीएम मोदी का खास गिफ्ट, काशी के बुनकर ने धागों में उतार दी मां हीराबेन की ममता
