UP Politics: उत्तर प्रदेश में बाढ़ के संकट के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बलिया पहुंचे. मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे किया और सहतवार क्षेत्र के पकहां ग्राम पंचायत के मौजा मलाफरपुर में बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री वितरित की. प्रशासन की ओर से करीब 50 बाढ़ प्रभावित परिवारों की सूची तैयार की गई थी. मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और कार्यक्रम स्थल पर व्यापक तैयारियां की थीं. हेलीपैड, बैरिकेडिंग और जर्मन हैंगर तैयार किए गए थे. मुख्यमंत्री के साथ सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और जिले के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु के भी मौजूद रहने की जानकारी सामने आई है.
बाढ़ के बीच सीएम का संदेश—पीड़ितों तक पहुंचेगी मदद
बलिया में गंगा के जलस्तर में लगातार कमी दर्ज की जा रही है, लेकिन नदी अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. ऐसे में मुख्यमंत्री का बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा प्रशासनिक स्तर पर राहत और बचाव अभियान की निगरानी के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
देवरिया में अखिलेश पर सीएम योगी का बड़ा हमला
बलिया दौरे के अलावा शनिवार को देवरिया में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश के खजाने की कथित लूट हुई और कहा कि इसके लिए अखिलेश यादव को जनता से माफी मांगनी चाहिए. योगी ने सपा पर निशाना साधते हुए प्रदेश में पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान कानून-व्यवस्था और विकास की स्थिति पर भी सवाल उठाए. उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में माफिया पर कार्रवाई हुई है और उत्तर प्रदेश की छवि बदली है.
यह भी पढ़ें: UP का अगला मुख्यमंत्री कौन? पूर्व IG का सनसनीखेज दावा, योगी और अखिलेश में किसका पलड़ा भारी
