आगरा में गुरुजी का गुस्सा छात्र पर पड़ा भारी, डंडे से पिटाई के बाद टूटा हाथ, अब दर्ज हुई FIR

आगरा के एक सरकारी स्कूल में कक्षा सात के छात्र को बिना अनुमति शौच जाने पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य ने डंडे से पीटा. पिटाई से छात्र का हाथ फ्रैक्चर हो गया. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Agra News : उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के अछनेरा क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल के कार्यवाहक प्रधानाचार्य पर कक्षा सात के छात्र की डंडे से पिटाई करने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि छात्र बिना अनुमति शौच के लिए चला गया था. पिटाई के दौरान गिरने से उसके हाथ में फ्रैक्चर हो गया. मामले में छह दिन तक पुलिस के चक्कर लगाने के बाद परिजनों ने डीसीपी वेस्ट से शिकायत की. इसके बाद पुलिस ने आरोपी प्रधानाचार्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

बिना अनुमति शौच जाने पर नाराज हुए प्रधानाचार्य

मामला अछनेरा के ग्राम सांथा स्थित कंपोजिट विद्यालय धर्मपुरा का है. छात्र के पिता महेश के अनुसार, उनका 14 वर्षीय बेटा कक्षा सात में पढ़ता है. 8 सितंबर को वह कक्षा में पढ़ाई के दौरान बिना अनुमति शौच के लिए चला गया था. आरोप है कि इससे विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य मनोज कुमार नाराज हो गए. उन्होंने छात्र की डंडे से पिटाई कर दी. पिटाई के दौरान छात्र गिर गया, जिससे उसके हाथ में चोट आई और फ्रैक्चर हो गया.

छह दिन तक थाने और चौकी के लगाते रहे चक्कर

घटना के बाद छात्र के पिता पुलिस में शिकायत करने पहुंचे. परिजनों का आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए उन्हें करीब छह दिन तक थाने और चौकी के चक्कर लगाने पड़े, लेकिन तत्काल कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद सोमवार को छात्र के पिता ने मामले की शिकायत डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार से की. डीसीपी के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने आरोपी कार्यवाहक प्रधानाचार्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी.

प्रधानाचार्य का मोबाइल मिला स्विच ऑफ

मामले में आरोपी कार्यवाहक प्रधानाचार्य मनोज कुमार से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला. पुलिस अब मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.

अधिकारियों ने कहा- जांच के बाद होगी कार्रवाई

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार ने बताया कि बच्चे के परिजन उनसे मिले थे. उन्होंने कार्यवाहक प्रधानाचार्य पर छात्र की पिटाई का आरोप लगाया था. शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं. मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह के अनुसार, कार्यवाहक प्रधानाचार्य के खिलाफ शिकायत मिली थी. इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी गई थी. इसके बाद सोमवार को मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई. वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी फतेहपुर सीकरी सौरभ आनंद ने मामले को गंभीर बताया. उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की कानूनी जांच कर रही है. पुलिस की रिपोर्ट और कार्रवाई के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : छठ-दिवाली पर अब घर जाना होगा आसान, रेलवे ने चलाई योग नगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर स्पेशल ट्रेन, यहां देखें पूरा शेड्यूल

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >