अनंतनगर में घर और प्लॉट का सुनहरा मौका, 460 भूखंडों के लिए आवेदन शुरू , 407 फ्लैटों की लॉटरी 14 अगस्त को

Up News: लखनऊ में घर और प्लॉट खरीदने का सुनहरा अवसर आया है. विकास प्राधिकरण मोहान रोड पर 460 भूखंडों का आवंटन कर रहा है, जिसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया है. साथ ही, 14 अगस्त को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 407 फ्लैटों की लॉटरी भी निकाली जाएगी.

Up News: लखनऊ विकास प्राधिकरण ने मोहान रोड स्थित अनंतनगर आवासीय योजना के पांचवें चरण में 460 भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इन भूखंडों के लिए रविवार से ऑनलाइन पंजीकरण खोला जाएगा, जो लगातार एक महीने तक चलेगा. एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार की ओर से पंजीकरण शुरू कराने के निर्देश जारी किए गए हैं. पांचवें चरण में आशीष खंड के भूखंड शामिल किए गए हैं, जिनमें 112.5 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 425, 162 वर्गमीटर के 12 और 200 वर्गमीटर के 23 भूखंड हैं. अनंतनगर योजना में लोगों की रुचि को देखते हुए एलडीए चरणबद्ध रूप से भूखंडों का आवंटन कर रहा है. इससे पहले चार चरणों में करीब 1700 भूखंड लॉटरी के माध्यम से आवंटित किए जा चुके हैं.

ऐसे करना होगा आवेदन

भूखंड लेने के इच्छुक आवेदकों को एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट registration.ldalucknow.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा. वेबसाइट पर लॉगइन करने के बाद आवेदक को पंजीकरण पुस्तिका खरीदनी होगी और फिर चुने गए भूखंड की अनुमानित कीमत का पांच प्रतिशत पंजीकरण धनराशि के रूप में जमा करानी होगी. पंजीकरण की अवधि समाप्त होने के बाद सभी पात्र आवेदकों के बीच लॉटरी निकाली जाएगी और उसी के आधार पर भूखंडों का आवंटन किया जाएगा. एलडीए अधिकारियों के अनुसार ऑनलाइन व्यवस्था से आवेदन प्रक्रिया पारदर्शी रहेगी और बड़ी संख्या में लोग घर बैठे पंजीकरण करा सकेंगे. अलग अलग आकार के भूखंड रखे जाने से मध्यम और बड़े प्लॉट की तलाश कर रहे लोगों को भी अपनी जरूरत के अनुसार विकल्प मिलेंगे. प्राधिकरण ने आवेदकों से वेबसाइट पर उपलब्ध नियम, शर्तों और समय सीमा को ध्यान से पढ़कर ही आवेदन करने की अपील की है.

पीएम आवास की लॉटरी 14 से

उधर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तैयार 407 फ्लैटों का आवंटन भी 14 अगस्त को लॉटरी से किया जाएगा. इनमें बसंतकुंज योजना के सेक्टर एन में स्थित 200 फ्लैट और शारदा नगर विस्तार योजना के 207 फ्लैट शामिल हैं. एलडीए अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि इन फ्लैटों के आवंटन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं. इससे पहले शुक्रवार को एलडीए ने पार्क व्यू और ऐशबाग स्क्वॉयर अपार्टमेंट के कुल 75 फ्लैटों की लॉटरी कराई. बसंतकुंज में राष्ट्र प्रेरणा स्थल के सामने विकसित किए जा रहे पार्क व्यू अपार्टमेंट में थ्री बीएचके प्लस स्टडी श्रेणी के 24 और थ्री बीएचके श्रेणी के 39 फ्लैट आवंटित किए गए. वहीं ऐशबाग के मिल रोड पर बन रहे ऐशबाग स्क्वॉयर अपार्टमेंट में थ्री बीएचके प्लस सर्वेंट श्रेणी के 12 फ्लैट लॉटरी से दिए गए. लॉटरी प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इसका यूट्यूब चैनल पर सजीव प्रसारण भी किया गया.

इनपुट: नटवर कुमार

यह भी पढ़े: पूर्वांचल में बाढ़ का खतरा: गंगा उफनी, सड़कें बदहाल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शशांक शेखर मिश्रा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >