बिसरा : हावड़ा से राउरकेला आ रही ट्रेन संख्या-20871 वंदे भारत एक्सप्रेस के पहिये में बुधवार को भालूलता-बिसरा रेलवे स्टेशन के बीच लोहे का टुकड़ा फंस गया. इससे बड़ी दुर्घटना की आशंका थी. इसके बाद अचानक ट्रेन रोके जाने से यात्रियों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. घटना करीब 11:30 बजे भालूलता और बिसरा रेलवे स्टेशन के बीच हुई.
आवश्यक जांच के बाद धीमी गति में लाया गया बिसरा स्टेशन
रेलवे ट्रैक पर पड़ा लोहे का एक टुकड़ा ट्रेन के पहिए के नीचे आ गया और पहिये में फंस गया. इसकी जानकारी मिलते ही चालक ने एहतियात के तौर पर ट्रेन को मौके पर रोक दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर पहिए और ट्रेन की स्थिति की जांच की. आवश्यक जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को बेहद धीमी गति से बिसरा रेलवे स्टेशन लाया गया.
रेलवे कर्मियों ने निकाला पहिया में फंसा लाेहे का टुकड़ा
बिसरा रेलवे स्टेशन में कैरेज एंड वैगन विभाग के कर्मचारियों ने पहिये में फंसे लोहे के टुकड़े को बाहर निकाला. इसके बाद ट्रेन को राउरकेला रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया गया. अचानक ट्रेन रुकने और काफी देर तक जांच व मरम्मत की प्रक्रिया चलने से वंदे भारत में सवार यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. हालांकि रेलवे कर्मचारियों की तत्परता से पहिये में फंसे लोहे के टुकड़े को निकालकर ट्रेन को सुरक्षित रूप से आगे रवाना कर दिया गया.
