Rourkela News: एटीएम में गोंद लगा कार्ड फंसाने के बाद फर्जी हेल्पलाइन से करते थे ठगी, दो गिरफ्तार
Rourkela News: ब्राह्मणीतरंग पुलिस ने लोगों का कार्ड एटीएम में फंसाने के बाद इसके जरिये फ्रॉड करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
Rourkela News: ब्राह्मणीतरंग पुलिस ने एटीएम फ्रॉड के एक मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी एटीएम मशीन में गोंद लगाकर कार्ड फंसा देते थे और फर्जी हेल्पलाइन नंबर से पीड़ितों का पिन लेकर खाते से पैसे निकाल लेते थे. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी जिसके बाद आरोपियों तक पहुंची.
सिंहटोला निवासी पीड़ित के खाते से निकाल लिये थे 2.20 लाख रुपये
जानकारी के अनुसार, 20 मई की रात करीब 11:55 बजे शिकायतकर्ता सिंहटोला निवासी शंभूनाथ साहू (69) ने थाना में शिकायत दर्ज करायी कि 20 मई शाम 7:00 बजे वह सिंहटोला एसबीआइ एटीएम से नकदी निकाल रहे थे, तभी उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया. उसी समय एक व्यक्ति उनके पास आया और हेल्पलाइन नंबर 7064335852 पर संपर्क करने को कहा. शिकायतकर्ता ने उसी व्यक्ति के फोन से कॉल किया. कॉल रिसीव करने वाले ने एटीएम पिन पूछा, जो उन्होंने बता दिया. कॉलर ने कहा कि बैंक जाकर अपना कार्ड ले लेना. जब शंभूनाथ साहू एसबीआइ पानपोष शाखा पहुंचे, तो पता चला कि उनके खाते से 2,20,000 रुपये निकाले जा चुके हैं. जिसके बाद उन्होंने शिकायत दर्ज करायी.
ऐसे करते थे ठगी
पुलिस की तफ्तीश में पता चला कि मुख्य आरोपी गुड्डू कुमार सेक्टर-18 उत्कल बस्ती, आमबागान में अपने चाचा के घर रहता है. उसने बिहार के गया जिला से अपने भाई और उसके एक दोस्त को राउरकेला बुलाया. यह लोग साथ में मिलकर अपनी स्कूटी से राउरकेला के अलग-अलग एटीएम काउंटरों पर जाते थे. वे एटीएम मशीन के कार्ड स्लॉट में गोंद लगा देते थे और मार्कर पेन से एटीएम काउंटरों पर फर्जी हेल्पलाइन नंबर लिखे कागज चिपका देते थे. फिर वरिष्ठ नागरिकों और भोले-भाले लोगों को निशाना बनाते थे. कार्ड फंसने पर मदद के बहाने आते और चालाकी से एटीएम कार्ड व पिन हासिल कर लेते. इसके बाद कार्ड से पैसे निकालकर गुड्डू कुमार को दे देते थे. गुड्डू पैसे अपने खाते में जमा कर अपनी भाभी के खाते में ट्रांसफर कर देता था.
बिहार के गया जिले का मूल निवासी है आरोपी गुड्डू कुमार
पुलिस ने इस मामले में आरोपी गुड्डू कुमार (21) (मूल निवासी- गांव कजूर, थाना अतरी, जिला गया, बिहार व वर्तमान पता- आमबागान, सेक्टर-18 उत्कल बस्ती, थाना सेक्टर-19) और सेक्टर-15 थाना अंतर्गत आनंद बस्ती निवासी शगुन उर्फ आशुतोष चौधरी (23) को गिरफ्तार किया है. दोनों दोनों आरोपी पहले भी इस तरह के मामलों में शामिल रहे हैं.