Bhubaneswar News: मुख्यमंत्री ने भुवनेश्वर-कटक-पुरी-पारादीप आर्थिक क्षेत्र के लिए योजनाओं का किया शुभारंभ

Bhubaneswar News: मुख्यमंत्री मोहन माझी ने भुवनेश्वर-कटक-पुरी-पारादीप आर्थिक क्षेत्र के लिए तैयार व्यापक आर्थिक योजना का शुभारंभ किया.

Bhubaneswar News: मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को भुवनेश्वर-कटक-पुरी-पारादीप आर्थिक क्षेत्र के लिए तैयार व्यापक आर्थिक योजना का शुभारंभ किया. नीति आयोग द्वारा तैयार इस योजना के तहत 80 से अधिक परियोजनाएं तथा 30 से अधिक नीतिगत पहलें लागू की जायेंगी.

वर्ष 2047 तक क्षेत्र की आर्थिक क्षमता 500 अरब डॉलर पहुंचाना है लक्ष्य : मोहन माझी

लोकसेवा भवन स्थित सम्मेलन केंद्र में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आर्थिक क्षेत्र राज्य की आर्थिक वृद्धि का प्रमुख केंद्र बनेगा और भारत की विकास यात्रा में एक नयी पहचान स्थापित करेगा. उन्होंने कहा कि वर्तमान में इस क्षेत्र की आर्थिक क्षमता 22.4 अरब डॉलर है, जिसे वर्ष 2047 तक 500 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि भुवनेश्वर प्रौद्योगिकी, कटक व्यापार, पुरी सांस्कृतिक विरासत और पारादीप बंदरगाह आधारित विकास का केंद्र बनेगा. आधुनिक आधारभूत संरचना के साथ इन क्षेत्रों को जोड़ते हुए धातु आधारित उद्योग, जैव प्रौद्योगिकी, वस्त्र, रसायन, पर्यटन, शिक्षा और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में परियोजनाएं लागू की जायेंगी. इस पूरे क्षेत्र को विकास और समृद्धि की प्रयोगशाला के रूप में विकसित किया जायेगा.

विकास के लिए पांच हजार करोड़ रुपये का प्रावधान

मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा नगर आर्थिक क्षेत्रों की योजना में इस क्षेत्र को भी शामिल किया गया है और इसके विकास के लिए पांच हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. वर्तमान में यह क्षेत्र ओडिशा की कुल अर्थव्यवस्था में 19 प्रतिशत का योगदान देता है. कार्यक्रम में नीति आयोग के सदस्य राजीव गौबा और मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीवीआर सुब्रह्मण्यम उपस्थित रहे. उन्होंने कहा कि यह परियोजना विकसित ओडिशा के निर्माण की एक मजबूत आधारशिला सिद्ध होगी और आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार लायेगी. गृह एवं नगर विकास मंत्री डॉ कृष्णचंद्र महापात्र ने कहा कि यह योजना ओडिशा के भविष्य निर्माण में निर्णायक भूमिका निभायेगी. मुख्य शासन सचिव अनु गर्ग ने सभी अतिथियों का स्वागत किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अतिरिक्त मुख्य शासन सचिव उषा पाढ़ी ने किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >