Jharsuguda News: पीएम-सीएम कम कर रहे काफिला, झारसुगुड़ा विधायक पूरी तरह बेफिक्र : बीजद

Jharsuguda News: बीजद ने झारसुगुड़ा विधायक पर प्रधानमंत्री की अपील नहीं मानने का आरोप लगाते हुए निशाना साधा है.

Jharsuguda News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से तेल का इस्तेमाल कम करने की अपील की है और खुद भी अपने काफिला में वाहनों की संख्या घटा दी है. मुख्यमंत्री मोहन माझी ने भी अपना काफिला आधा कर दिया है. लेकिन झारसुगुड़ा विधायक अभी भी एस्कॉर्ट और पुलिस गाड़ियों का खूब इस्तेमाल कर रहे हैं. यह बातें शुक्रवार को जिला बीजद अध्यक्ष हरीश गणात्रा ने कही.

प्रधानमंत्री ने लोगों से की है किफायती जीवनशैली अपनाने की अपील

सरबहाल स्थित बीजद कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में झारसुगुड़ा विधायक टंकधर त्रिपाठी पर निशाना साधते हुए जिला अध्यक्ष गणात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से तेल का कम इस्तेमाल करने की अपील की है, क्योंकि उन्हें डर है कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात और ईरान-अमरिका के बीच चल रहे तनाव के बीच देश में तेल का संकट हो सकता है. एक तरफ पीएम ने लोगों से पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल कम करने, बेवजह यात्रा नहीं करने और किफायती जीवनशैली अपनाने की अपील की है. दूसरी ओर झारसुगुड़ा विधायक अभी भी एस्कॉर्ट और पुलिस गाड़ियों का खूब इस्तेमाल कर रहे हैं. झारसुगुड़ा विधायक इस अपील पर ध्यान नहीं दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि जब भी विधायक कहीं जाते हैं, तो उनके आगे-पीछे पुलिस एस्कॉर्ट और बैरिकेड्स होते हैं, जिससे बेवजह ईंधन की खपत बढ़ती है. इसके साथ ही, पूर्व जिला अध्यक्ष रवि सिंह ने पूछा कि क्या झारसुगुड़ा विधायक भी मुख्यमंत्री की तरह अपनी एस्कॉर्ट गाड़ियों का इस्तेमाल कम करेंगे.

बीजद के आराेप पर भाजपा ने किया पलटवार

विधायक टंकधर त्रिपाठी पर बीजद की ओर से लगाये गये आरोपों पर भाजपा ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर पलट वार किया. इसमें कहा गया है विधायक टंकधर त्रिपाठी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर उनके साथ चलने वाले सभी वाहनों को छोड़कर केवल एक व्यक्तिगत गाड़ी पर चल रहे हैं. जबकि पुलिस व्यक्ति की सुरक्षा का ध्यान रखकर एस्कार्ट गाड़ी देती है. बीजद अपने शासनकाल में इस जिला में अपने मंत्री की रक्षा नहीं कर पाया था, जो लज्जाजनक है. लेकिन लगता है कि झारसुगुडा में बीजद की राजकुमारी के विदेश दौरे पर जाने में असुविधा होने से उन्हें कष्ट हो रहा है. जिससे विधायक पर कोई लांछन लगाने से पूर्व बीजद के नेता अपने गिरेबां में झांके. इस प्रेसवार्ता में भाजपा के जिलाध्यक्ष समेत वरिष्ठ नेता उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >