बामड़ा : संबलपुर जिले के जूजुमुरा थाना क्षेत्र के कंसरा इलाके में जियो पेट्रोल पंप के पास एक रविवार तड़के सरकारी बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि 13 लोग गंभीर रूप से घायल हैं. ओवरटेक करने के दौरान हुई इस दुर्घटना में ओडिशा राज्य परिवहन निगम (ओएसआरटीसी) की बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. दुर्घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ राहत एवं बचाव कार्य चलाया. सभी घायलों को संबलपुर जिला मुख्यालय अस्पताल भेजा गया, जहां से कुछ को बुर्ला मेडिकल कॉलेज व अस्पताल रेफर किया गया.
हादसे का कारण पता करने में जुटी पुलिस
इस सड़क दुर्घटना के बाद पुलिस टीम घटना स्थल पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की. हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा.वहीं इसकी सूचना पर संबलपुर विधायक जयनारायण मिश्र घायलों को देखने अस्पताल पहुंचे थे.
राउरकेला स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आया युवक, दोनों पैर कटे
इधर, राउरकेला स्टेशन पर वास्कोडिगामा-जसीडीह साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक के दोनों पांव कट गये हैं. यह घटना शनिवार की देर रात लगभग 11 बजे प्लेटफार्म संख्या-4 पर हुई. समाचार लिखे जाने तक युवक की पहचान नहीं हो सकी है.घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंचीं. घायल युवक को पटरी से उठाकर प्लेटफॉर्म पर लाया गया और इलाज के लिए राउरकेला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. चिकित्सकों ने उसकी हालत स्थिर बतायी है, लेकिन वह अपना नाम और पता नहीं बता पा रहा है. बताया जा रहा है कि घायल युवक स्टेशन में लोगों से मांगकर गुजारा करता था. इस संबंध में जीआरपी एक मामला दर्ज कर जांच कर रही है.
