राउरकेला से अक्तूबर में पुन: शुरू हो सकती है एटीआर-72 विमान सेवा, विमानन कंपनी से सरकार की बातचीत अंतिम चरण में

राउरकेला एयरपोर्ट से एटीआर-72 विमान सेवा अक्तूबर में फिर शुरू हो सकती है. सरकार और एलायंस एयर के बीच बातचीत अंतिम चरण में है, जिससे हवाई संपर्क बेहतर होगा.

राउरकेला : राउरकेला एयरपोर्ट से बंद पड़ी एटीआर-72 विमान सेवा अक्तूबर महीने से पुन: शुरू हो सकती है. इसको लेकर राज्य सरकार और विमानन कंपनी एलायंस एयर के बीच बातचीत अंतिम चरण में है. सूत्रों के अनुसार, दुर्गा पूजा के बाद यह सेवा फिर से शुरू की जायेगी, जिससे राउरकेला, भुवनेश्वर और कोलकाता के बीच हवाई संपर्क बेहतर होगा.

2023 में शुरू हुई थी विमान सेवा, डेढ़ साल बाद बंद

2023 में हॉकी विश्व कप के दौरान राउरकेला-भुवनेश्वर के बीच एटीआर-72 सेवा शुरू की गयी थी. उस समय रोजाना 40 से 45 यात्री सफर करते थे. बाद में भुवनेश्वर के साथ-साथ कोलकाता के लिए भी विमान सेवा शुरू हुई और यह लगभग डेढ़ साल तक सुचारू रूप से चलती रही. लेकिन जुलाई 2025 में यह सेवा अचानक बंद कर दी गयी, जिससे शहरवासियों में काफी नाराजगी थी. लोगों की मांग पर 5 दिसंबर, 2025 को इंडिया वन एयर की नौ सीटर विमान सेवा शुरू की गयी, जो केवल राउरकेला-भुवनेश्वर के बीच संचालित है. लेकिन इसमें यात्रियों की संख्या काफी कम है. रोजाना औसतन 2 से 4 यात्री ही सफर कर रहे हैं. कई बार टिकट बुक होने के बाद भी उड़ान रद्द होने की शिकायतें सामने आयीं. वहीं कोलकाता के लिए सीधी उड़ान नहीं होने से व्यापारियों और उद्योगपतियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

10 जनवरी को दुर्घटनाग्रस्त हो गया था इंडिया वन एयर का विमान

इसी साल 10 जनवरी, 2026 को इंडिया वन एयर का विमान जलदा चौकी अंतर्गत कंसर गांव के पास खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसके बाद लोगों में हवाई यात्रा को लेकर दहशत भी देखी गयी. अब शहरवासियों और विभिन्न राजनीतिक दलों की मांग पर सरकार ने फिर से एटीआर-72 विमान सेवा शुरू करने का फैसला किया है. उम्मीद है कि अक्तूबर में यह सेवा शुरू होने से राउरकेला के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By जगन्नाथ महतो

जगन्नाथ महतो को पत्रकारिता का 25 सालों का अनुभव है. वे वर्ष 2001 से इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने संबलपुर विश्वविद्यालय से स्नातक किया है. राजनीति और खेल की रिपोर्टिंग में इनकी विशेषज्ञता है. डिजिटल जर्नलिज्म का छह साल का अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >