Bhubaneswar News:ओडिशा के 2.88 लाख स्वयं सहायता समूहों को 147.76 करोड़ ब्याज सहायता जारी

Bhubaneswar News: ओडिशा के मिशन शक्ति विभाग की ओर से बुधवार को मिशन शक्ति भवन, भुवनेश्वर में राज्य स्तरीय सुभद्रा शक्ति विजन समिट का आयोजन किया गया. इस अवसर पर

Bhubaneswar News: ओडिशा के मिशन शक्ति विभाग की ओर से बुधवार को मिशन शक्ति भवन, भुवनेश्वर में राज्य स्तरीय सुभद्रा शक्ति विजन समिट का आयोजन किया गया. इस अवसर पर राज्य के सभी 30 जिलों से जिला स्तरीय महासंघों (डीएलएफ) की कार्यकारिणी समितियों के लगभग 330 सदस्यों ने भाग लिया.

23,536 स्वयं सहायता समूहों को मिली 45.71 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास, मिशन शक्ति तथा पर्यटन मंत्री प्रभाती परिडा ने राज्य के 2,88,198 स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के लिए 147.76 करोड़ रुपये की ब्याज सहायता (इंटरेस्ट सबवेंशन) जारी की. इसके अलावा, 26 जिलों के 23,536 स्वयं सहायता समूहों को रिवॉल्विंग फंड (आरएफ) के तहत 45.71 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गयी. खुर्दा जिले के मां मंगला एसएचजी और श्रीराम एसएचजी की प्रतिनिधियों को उपमुख्यमंत्री ने 30-30 हजार रुपये के चेक प्रदान किये. इसी प्रकार, 27 जिलों के 624 ग्राम पंचायत स्तरीय महासंघों (जीपीएलएफ) को सामुदायिक निवेश निधि (सीआइएफ) के तहत 189.57 करोड़ रुपये प्रदान किये गये. पुरी जिले के अभयमुखी जीपीएलएफ और गुआलीपाड़ा जीपीएलएफ की प्रतिनिधियों को 35-35 लाख रुपये के चेक सौंपे गये. इसके अतिरिक्त, 15 जिलों के 656 एरिया लेवल फेडरेशन (एएलएफ) को वल्नरेबिलिटी रिडक्शन फंड (वीआरएफ) के तहत 9.64 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गयी. जाजपुर जिले के रामपुर और जह्ना एएलएफ की प्रतिनिधियों को 1.50-1.50 लाख रुपये के चेक वितरित किये गये. कार्यक्रम में मिशन शक्ति विभाग की आयुक्त-सह-सचिव मानसी निंभाल, निदेशक डॉ मोनिका प्रियदर्शिनी, एसएलबीसी ओडिशा के महाप्रबंधक एवं संयोजक प्रणव कुमार बिस्वास, विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जिला स्तरीय महासंघों के प्रतिनिधि, बैंकिंग संस्थानों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न सहयोगी संगठनों के सदस्य उपस्थित थे. राज्यभर के जिला स्तरीय अधिकारी और मिशन शक्ति की सदस्याएं वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुईं.

ओडिशा ने समय से पहले 26.39 लाख ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य किया पार : उपमुख्यमंत्री

समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने कहा कि ओडिशा सरकार वर्ष 2036 तक राज्य को एक समृद्ध और विकसित अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने के लक्ष्य पर कार्य कर रही है, जिसमें महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी. उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वयं सहायता समूह सदस्य को आत्मनिर्भर उद्यमी बनाना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने ‘लखपति दीदी’ पहल की सफलता का उल्लेख करते हुए बताया कि ओडिशा ने निर्धारित समयसीमा से लगभग एक वर्ष पहले ही लक्ष्य को पार कर लिया है. राज्य में अब तक 26,39,909 लखपति दीदी तैयार की जा चुकी हैं, जो 25 लाख के लक्ष्य से कहीं अधिक है. समिट में ओडिशा विजन-2036 में महिलाओं की भूमिका, लखपति दीदी, महालखपति दीदी एवं करोड़पति दीदी उद्यमियों का निर्माण, महिला नेतृत्व वाले उद्यमों को बढ़ावा, उत्पादक समूहों एवं उत्पादक कंपनियों को सशक्त बनाना, बाजार संपर्क, वित्तीय समावेशन तथा विभिन्न जिलों की सफल उद्यमिता मॉडल्स पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: BIPIN KUMAR YADAV

Published by: Pradip Kumar Mahto

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >