भुवनेश्वर : मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को छात्रों से सोशल मीडिया पर अधिक समय बर्बाद न करने और भ्रामक प्रचार से प्रभावित हुए बिना पूरी एकाग्रता के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया, उन्होंने विद्यार्थियों से अपने करियर निर्माण पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी.
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से किया संवाद
मुख्यमंत्री कटक स्थित सेकेंडरी बोर्ड हाइस्कूल में आयोजित शिक्षक दिवस समारोह में शामिल हुए और इस दौरान छात्रों के साथ संवाद किया. उन्होंने कहा कि एक विद्यार्थी के रूप में अच्छी शिक्षा प्राप्त करना, कौशल हासिल करना और अपने साथ-साथ देश के विकास में योगदान देना छात्रों की पहली जिम्मेदारी है. उन्होंने विद्यार्थियों से करियर निर्माण में बाधा डालने वाली गतिविधियों से दूर रहने का आग्रह किया. मुख्यमंत्री ने शिक्षक-छात्र संबंधों को लेकर कहा कि वर्तमान समय में यह रिश्ता और अधिक मित्रवत एवं सहज होना चाहिए. उन्होंने विद्यार्थियों को माता-पिता तथा गुरुजनों का आशीर्वाद लेकर जीवन में सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्रदान करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मनुष्य के निर्माण की एक महान प्रक्रिया है. शिक्षक इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को निरंतर निभाते आ रहे हैं.
केजी से पीजी तक निःशुल्क शिक्षा
राज्य की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार के लिए सरकार की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा देश का पहला राज्य है, जिसने शिशु वाटिका से स्नातकोत्तर स्तर तक शिक्षा को सार्वभौमिक रूप से निःशुल्क किया है. उन्होंने बताया कि 12,000 करोड़ रुपये की लागत से 2,200 विश्वस्तरीय ‘गोदाबरीश मिश्र आदर्श प्राथमिक विद्यालयों’ का निर्माण किया जा रहा है. इसके अलावा पूर्व-प्राथमिक बच्चों के लिए 45,000 शिशु वाटिका केंद्र खोले गये हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि नौवीं और दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए मध्याह्न भोजन और पाठ्यपुस्तकों की व्यवस्था की गयी है. आदिवासी विद्यार्थियों के लिए ‘शहीद माधो सिंह हाथ खर्चा योजना’ भी संचालित की जा रही है.
पंचसखा शिक्षा सेतु की सराहना
मुख्यमंत्री ने विद्यालय एवं जनशिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित ‘पंचसखा शिक्षा सेतु’ के माध्यम से पूर्व छात्रों को विद्यालयों से जोड़कर किये जा रहे समग्र विद्यालय रूपांतरण की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि कटक सेकेंडरी बोर्ड हाइस्कूल अपने पूर्व छात्रों, पूर्व विधायक ललितेंदु विद्याधर महापात्र और पूर्व वित्त मंत्री पंचानन कानूनगो जैसी विभूतियों के कारण गौरवान्वित है. उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व किसी भी शिक्षण संस्थान की वास्तविक पहचान होते हैं. मुख्यमंत्री ने शिक्षकों के ज्ञान, छात्रों की प्रतिभा, पूर्व छात्रों के अनुभव और आम जनता के सामूहिक सहयोग से एक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर ओडिशा के निर्माण का आह्वान किया.
